नगर निगम की दो महिला कर्मी करीब 25 मिनट तक लिफ्ट में फंसी

लिफ्ट में फंसी कर्मचारी गीता और रेनू शर्मा
गाज़ियाबाद: नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम मुख्यालय की लिफ्ट संख्या एक में सोमवार को दो महिला कर्मचारी फंस गईं। एक कर्मचारी ने लिफ्ट खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब 25 मिनट बाद लिफ्ट का दरवाजा खुला, जिसके बाद बदहवास हालत में दोनों कर्मचारी बाहर निकलीं।
इससे पहले भी नगर निगम की लिफ्ट में आमजन और कर्मचारी से लेकर अधिकारी तक फंस चुके हैं।जलकल विभाग में तैनात कर्मचारी गीता और रेनू शर्मा दोपहर बाद डेढ़ बजे ग्राउंड फ्लोर से लिफ्ट में सवार हुई थीं। थर्ड फ्लोर पर आते ही लिफ्ट रुक गई। दरवाजों से करीब दो फीट पहले ही लिफ्ट अचानक रुकी तो दोनों परेशान हो गईं। लिफ्ट नहीं खुली तो उन्होंने शोर मचाया। करीब 10 मिनट बाद एक कर्मचारी ने लिफ्ट खोलने का प्रयास किया।दरवाजे नहीं खुलने पर उसने नीचे जाकर लिफ्ट ठीक करने की बात कही। इसके बाद भी रुकी हुई लिफ्ट से निर्माण विभाग के कर्मचारी गुजरते रहे, लेकिन किसी ने लिफ्ट के बारे में नजारत विभाग को सूचना नहीं दी। लिफ्ट बंद होने के बारे में बताने पर भी कर्मचारियों ने कोई कदम नहीं उठाया।
लिफ्ट में कोई पैनिक बटन, अलार्म या लिफ्ट के रुकने पर मदद के लिए कोई नंबर आदि नहीं लिखा है। इस कारण कर्मचारी परेशान होती रहीं। अधिक उम्र होने के कारण रेनू का सांस फूलने लगा और गीता भी परेशान रहीं। इसी बीच सूचना मिलने के बाद कर्मचारी पहुंचे और करीब 2 बजे लिफ्ट थर्ड फ्लोर पर पहुंचकर लिफ्ट के दरवाजे खुल गए।