केडीबी स्कूल ने ‘वाइब्रेशन’ 2024 के साथ मनाया विश्व नृत्य दिवस
गाजियाबाद: केडीबी स्कूल, कविनगर ने ‘वर्ल्ड डांस डे’ के उपलक्ष में अपने वार्षिक कार्यक्रम ‘वाइब्रेशन’ 2024 का आयोजन किया। यह मेगा शो रचनात्मकता, उल्लास और प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन था।
प्रतियोगिता का विषय तात्कालिक सामाजिक समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करना और उनके समाधान के बारे में विचार करना था। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रतिष्ठित विश्व रिकॉर्ड धारक, द बेस्ट इंस्टीट्यूट ऑफ म्यूजिक एंड डांस के कोरियोग्राफर और निदेशक जावेद अमन और संगीतज्ञ, गीतकार, गांधर्व संगीत महाविद्यालय की संस्थापिका एवं निदेशिका डॉ. तारा गुप्ता ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस नृत्य प्रतियोगिता में शहर के सबसे प्रतिष्ठित स्कूलों – आर्मी पब्लिक स्कूल नोएडा, जे.के.जी. इंटरनेशनल विजय नगर, उत्तम स्कूल, डी.ए.वी. प्रताप विहार, नेहरू वर्ल्ड स्कूल, ठाकुर द्वारा स्कूल गाजियाबाद, चौ. छबील दास पब्लिक स्कूल, बाल भारती पब्लिक स्कूल बृज विहार, डी.डी.पी.एस अशोक नगर गाजियाबाद, डी.पी.एस मेरठ रोड गाजियाबाद से लगभग दो सौ छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती निवेदिता राणा ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं प्रतिभागियों को पर्याप्त अनुभव हासिल करने, कौशल दिखाने, परिणामों का विश्लेषण और मूल्यांकन करने और व्यक्तिगत योग्यता को उजागर करने का मौका देती हैं। कार्यक्रम के अंत में स्कूल की उप प्रधानाचार्या श्रीमती नम्रता दुबे ने सभी प्रतिष्ठित स्कूलों के अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय पहल करने के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
परिणाम:
- प्रथम: श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय
- द्वितीय: डीडीपीएस
- तृतीय: चौधरी छबील दास पब्लिक स्कूल
यह कार्यक्रम न केवल छात्रों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक मंच था, बल्कि सामाजिक मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाने का भी एक माध्यम था।