
गाजियाबाद। जिले में जमीनी स्तर पर फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित ‘गाजियाबाद ब्लू कब्स लीग 2026’ का शनिवार को वेव सिटी स्थित हाई-टेक वर्ल्ड स्कूल में भव्य शुभारंभ हुआ। गाजियाबाद फुटबॉल एसोसिएशन (जीएफए) की ओर से आयोजित इस लीग का उद्घाटन छह बार की विश्व महिला मुक्केबाजी चैंपियन एवं पद्म विभूषण से सम्मानित एमसी मैरी कॉम ने किया। तीन महीने तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में जिले की 16 से अधिक टीमें विभिन्न आयु वर्गों में खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
समारोह में मुख्य अतिथि एमसी मैरी कॉम के साथ स्पोर्टी फिट प्राइवेट लिमिटेड के हितेश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं दुष्यंत सिन्हा, अनिरुद्ध कौशिक और एस.एम. राजा ने भी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत हाई-टेक वर्ल्ड स्कूल के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. विहंग गर्ग के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने खेल जगत की हस्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और खेल संस्कृति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का भी आधार हैं।

गाजियाबाद फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणव कुमार ने लीग की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में फुटबॉल को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और उभरती प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने घोषणा की कि खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए ‘ब्लू कब्स लीग’ का विंटर एडिशन भी आयोजित किया जाएगा।
अपने संबोधन में एमसी मैरी कॉम ने युवा खिलाड़ियों को संघर्ष, अनुशासन और समर्पण का महत्व समझाते हुए कहा, “संघर्ष और समर्पण किसी भी खिलाड़ी के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। यही चुनौतियां खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक रूप से अधिक मजबूत बनाती हैं।” उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ लगातार मेहनत करने और बड़े सपने देखने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि हितेश चौधरी ने कहा कि फुटबॉल ऐसा खेल है जो विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ-साथ उनमें टीमवर्क, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं भविष्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं।
तकनीकी सत्र में जीएफए के कोषाध्यक्ष अमित रावत ने प्रतियोगिता के नियमों और तकनीकी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लीग को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संचालित किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिल सके।
समारोह के दौरान जिले में फुटबॉल के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न फुटबॉल अकादमी के प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।
इस वर्ष की ‘ब्लू कब्स लीग’ की सबसे बड़ी विशेषता इसका जेंडर न्यूट्रल प्रारूप है। प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियां एक ही टीम का हिस्सा बनकर साथ खेलेंगे। तीन माह तक चलने वाली इस लीग में अंडर-6, अंडर-8, अंडर-10 और अंडर-12 आयु वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 16 से अधिक टीमें भाग लेंगी।
कार्यक्रम के समापन पर जीएफए के सचिव हेमंत पंवार ने मुख्य अतिथियों, स्कूल प्रबंधन, प्रतिभागी टीमों और प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि लीग के सफल आयोजन में भावना, दीपशिखा, प्रियंगी, शारदा, अनु, नितिन मिश्रा, पीतांबर, अभिजीत और अभिषेक सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह लीग गाजियाबाद में फुटबॉल की नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ-साथ जिले को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


