श्री खाटू श्याम जी की प्राण प्रतिष्ठा और शोभा यात्रा ने बागवाली कॉलोनी को किया भक्तिमय

गाज़ियाबाद: बागवाली कॉलोनी स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर में आज श्री खाटू श्याम जी की प्राण प्रतिष्ठा समारोह धूमधाम व भव्यता के साथ संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़, भजन की गूंज और आस्था के उल्लास ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया।
इस अवसर पर श्री खाटू श्याम कथा का आयोजन किया गया, जिसे आचार्य बृजेश गौड़ जी ने अत्यंत भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया। कथा में उन्होंने बाबा श्याम के जन्म, बलिदान और कलयुग में उनकी पूजा तक के सभी प्रसंगों का विस्तृत वर्णन किया।
यह आयोजन गोयल परिवार की ओर से स्वर्गीय हरिओम गोयल जी की पुण्य स्मृति में किया गया, जिसमें मुख्य भूमिका उनके सुपुत्रों ने निभाई। कथा के समापन पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो बागवाली कॉलोनी से प्रारंभ होकर ग्राम रजापुर, शास्त्री नगर, महिंद्रा एन्क्लेव होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
शोभायात्रा में बैंड-बाजों, झांकियों और रथ के साथ-साथ श्रद्धालु भक्त खाटू श्याम के भजनों पर झूमते नजर आए। जगह-जगह यात्रा का भव्य स्वागत किया गया – शास्त्री नगर व्यापार मंडल कार्यालय, छलेरिया निवास, गोयल परिवार निवास सहित अन्य स्थानों पर पुष्प वर्षा व भंडारे की व्यवस्था की गई।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद विधिवत हवन यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में हिंदू रक्षा सेना के पदाधिकारी, शास्त्री नगर व्यापार मंडल, महिला मंडल समिति और मंदिर समिति के सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।
मंदिर समिति के प्रमुख एस. के. श्रीवास्तव ने कहा, “यह मंदिर सिर्फ आस्था का प्रतीक नहीं बल्कि बागवाली कॉलोनी की एकता और सेवा भावना का प्रतीक बन गया है।”
यह आयोजन बागवाली कॉलोनी के इतिहास में एक अविस्मरणीय अध्याय बन गया है, जिसने सभी को एकजुट होकर श्रद्धा और समर्पण से भक्ति में सराबोर कर दिया।


