Ghaziabad

विजयनगर के 10 वार्डों में शुरू हुई गंगाजल आपूर्ति, 16.20 करोड़ की योजना का शुभारंभमहापौर सुनीता दयाल ने किया उद्घाटन, क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी

गाजियाबाद। शहर के विजयनगर क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित गंगाजल आपूर्ति योजना का शुभारंभ सोमवार को किया गया। 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के तहत लगभग 16 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के माध्यम से विजयनगर क्षेत्र के 10 वार्डों में गंगाजल आपूर्ति शुरू कर दी गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय निवासियों ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत विकास पहल बताया।

योजना का शुभारंभ महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर शहर विधायक संजीव शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निगम अधिकारियों एवं पार्षदों की मौजूदगी में महापौर ने नारियल फोड़कर परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता जीवन स्तर सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर के समग्र विकास के साथ विजयनगर क्षेत्र में भी विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने गंगाजल आपूर्ति योजना को सफल बनाने में पार्षदों और नगर निगम टीम के सहयोग की सराहना की तथा कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि यह गंगाजल आपूर्ति योजना नोएडा और खोड़ा क्षेत्र से पहले विजयनगर में शुरू होना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। महापौर ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रही विकास योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से इस परियोजना को पूरा किया गया है और इसका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं स्वच्छ जल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विजयनगर क्षेत्र में अन्य विकास योजनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या 3 ओल्ड विजयनगर, वार्ड संख्या 4 सेक्टर-12 माता कॉलोनी, वार्ड संख्या 14 न्यू विजयनगर, वार्ड संख्या 15 चरण सिंह कॉलोनी, वार्ड संख्या 25 अंबेडकर नगर, वार्ड संख्या 26 माधोपुर सुंदरपुरी, वार्ड संख्या 48 मिर्जापुर, वार्ड संख्या 51 प्रताप विहार सेक्टर-11, वार्ड संख्या 55 विजयनगर सेक्टर-11 ए ब्लॉक तथा वार्ड संख्या 58 शिवपुरी क्षेत्र में गंगाजल आपूर्ति का कार्य पूर्ण कर संचालन प्रारंभ किया गया है।

कार्यक्रम के समापन पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और क्षेत्रीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। गंगाजल आपूर्ति शुरू होने पर स्थानीय निवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गाजियाबाद नगर निगम की टीम को धन्यवाद दिया और इसे क्षेत्र के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button