इंदिरापुरम में बैंक्वेट हॉलों पर चला अग्नि सुरक्षा जांच अभियान, पांच प्रतिष्ठानों को जारी किए गए नोटिस

गाजियाबाद। सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने और संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से थाना इंदिरापुरम पुलिस ने क्षेत्र के प्रमुख बैंक्वेट हॉलों में विशेष अग्नि सुरक्षा जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास और सुरक्षा प्रबंधन का निरीक्षण करते हुए संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ के निर्देशानुसार सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव तथा थाना प्रभारी इंदिरापुरम अजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पांच बैंक्वेट हॉलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दायरे में ग्रीन औरा, जलसा/संसारा, गोल्डन मोमेंट्स, व्हाइट रोज़ और सिल्वर स्पून बैंक्वेट हॉल शामिल रहे। पुलिस द्वारा इन सभी प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धारा 168 बीएनएसएस के अंतर्गत नोटिस जारी किए गए।
जांच के दौरान टीम ने बैंक्वेट हॉलों में उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों की स्थिति, उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास (एग्जिट प्लान), निकासी मार्गों की उपलब्धता तथा भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को यह भी अवगत कराया कि बड़े आयोजनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान अग्नि सुरक्षा उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे और सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर नियमित निगरानी की जाएगी। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सार्वजनिक उपयोग के सभी स्थलों पर नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।



