Ghaziabad

गाजियाबाद में कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में चला विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान, 81 संस्थानों की जांच, 35 को नोटिस

गाजियाबाद, 23 जून। जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कमिश्नरेट गाजियाबाद में मंगलवार को कोचिंग सेंटरों, पुस्तकालयों (लाइब्रेरी) एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले भवनों में विशेष अग्नि सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जनपद भर में अग्निशमन विभाग की टीमों ने व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया और मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किए।

यह अभियान पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा, गाजियाबाद द्वारा संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, आपात स्थितियों में सुरक्षित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा आमजन विशेषकर विद्यार्थियों की सुरक्षा को मजबूत करना रहा।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित कोचिंग संस्थानों, पुस्तकालयों और अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भवनों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा मानक तथा अन्य आवश्यक अग्नि सुरक्षा प्रावधानों की जांच की गई।

अभियान के दौरान कुल 81 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 35 संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर नियमानुसार नोटिस जारी किए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कुछ संस्थान निरीक्षण के दौरान बंद भी पाए गए।

अधिकारियों ने बताया कि जिन भवनों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया, उन्हें निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं गंभीर अनियमितताओं के मामलों में संबंधित विभागों के समन्वय से आगे की नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान भवन संचालकों और प्रबंधकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि निकास मार्गों को अवरोधमुक्त रखा जाए, अग्निशमन उपकरण नियमित रूप से क्रियाशील स्थिति में बनाए जाएं तथा आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों, छात्राओं और आम नागरिकों को भी अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव, आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बढ़ती शहरी आबादी और शिक्षण संस्थानों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति को देखते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है।

अग्निशमन विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे ताकि सार्वजनिक भवनों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button