कड़ाके की ठंड में नगर निगम का मानवीय प्रयास

- रैन बसेरों में निराश्रितों के लिए बेहतर इंतजाम, नंदी पार्क गौशाला में गोवंशों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं
गाजियाबाद।
बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने निराश्रितों के साथ-साथ बेजुबान गोवंशों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम तेज कर दिए हैं। जहां एक ओर रैन बसेरों में ठंड से बचाव के लिए व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं, वहीं नंदी पार्क स्थित गौशाला में गोवंशों को सुरक्षित रखने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।
नगर निगम की ओर से नंदी पार्क गौशाला में सुबह-शाम अलाव की व्यवस्था की जा रही है। छोटे गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए झूल पहनाए जा रहे हैं, जबकि तिरपाल की अतिरिक्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। ठंड के मौसम को देखते हुए गोवंशों के आहार में गुड़ की मात्रा भी बढ़ाई गई है, ताकि उन्हें आवश्यक ऊर्जा मिल सके। निगम अधिकारी लगातार गौशाला का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को और मजबूत कर रहे हैं।


अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव एवं पशु चिकित्सा अधिकारी आशीष त्रिपाठी की देखरेख में गोवंशों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके साथ ही सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंशों को भी नंदी पार्क गौशाला लाकर सुरक्षित किया जा रहा है।
शीतलहर के प्रकोप से बचने के लिए निराश्रित लोग रैन बसेरों का सहारा ले रहे हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार न केवल बेसहारा लोगों, बल्कि बेजुबान पशुओं को भी ठंड से बचाने का अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे अपने स्तर पर निराश्रित श्वान, गोवंशों और अन्य बेसहारा पशुओं के लिए अस्थायी ठंड-रोधी व्यवस्थाओं में सहयोग करें।
नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में नंदी पार्क गौशाला में तिरपाल, अलाव, झूल और आहार संबंधी व्यवस्थाओं को निरंतर बनाए रखने के लिए टीमें सक्रिय हैं। अधिकारियों का कहना है कि ठंड के इस दौर में किसी भी बेजुबान या निराश्रित को असहाय न छोड़ा जाए—यही इस अभियान का उद्देश्य है।


