गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने हेलमेट वितरित कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

गाजियाबाद। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राज करण नय्यर के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के अंतर्गत एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने लोगों को हेलमेट वितरित किए और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
इस दौरान अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करें।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय त्यागी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान नागरिकों को सीट बेल्ट, गति सीमा, मोबाइल फोन के उपयोग से बचने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के अन्य मानकों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करने के लिए ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


