खोड़ा में घर में घुसकर दो बहनों पर फायरिंग, गंभीर हालत में दिल्ली रेफर

गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम घर में घुसकर दो बहनों पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।
घटना आदर्श नगर स्थित वाल्मीकि चौक क्षेत्र की बताई जा रही है। घायल युवतियों की पहचान खुशी (20 वर्ष) और उसकी छोटी बहन निधि (18 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के समय दोनों बहनें घर पर मौजूद थीं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुराना बस अड्डा बारादरी क्षेत्र निवासी जॉनी नामक युवक शाम करीब 4:30 बजे उनके घर पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी और बड़ी बहन खुशी के बीच करीब डेढ़ वर्ष पहले विवाह संबंध तय हुआ था, जिसे परिवार ने कुछ महीने पहले कथित तौर पर समाप्त कर दिया था।
बताया जा रहा है कि युवक कुछ समय तक घर के बाहर और गली में मौजूद रहा, जिसके बाद वह घर की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया। परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार आरोपी के हाथ में हथियार देखकर दोनों बहनों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
आरोप है कि इसके बाद युवक ने कमरे की खिड़की का शीशा तोड़ा और भीतर प्रवेश करने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों बहनों पर गोली चलाई गई।
घटना में खुशी को चार गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है, जिनमें तीन पैर में और एक पेट में बताई जा रही है। वहीं निधि के चेहरे पर गोली लगने से वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए दिल्ली स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। घटना के पीछे के कारणों और सभी परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल रहा, जबकि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


