उद्यान विभाग में कार्यरत अस्थायी मालियों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी

गाजियाबाद: नगर निगम के उद्यान विभाग में कार्यरत अस्थायी मालियों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। मोहन नगर ज़ोन व वसुंधरा जोन से मंगलवार को शुरू हुआ कार्य बहिष्कार आंदोलन बुधवार को पांचों जॉन में फैल गया।
उ प्र उद्यान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जगतराज ने बताया बारीश के चलते भीगते हुए पांचों ज़ोन के अस्थायी माली बुधवार को काम का बहिष्कार कर साई उपवन पहुंचें। संघ के महासचिव दीपक तोमर ने बताया निगम की ठेका एजेंसी सी एल सी द्वारा मौखिक रूप से जिन 12 मालियों को काम पर आने से रोका गया है जब तक उनकी कार्य वापसी नहीं होगी हड़ताल जारी रहेगी।

ज्ञात हो 8 अगस्त 2023 को नगर निगम कर्मचारी संघ के स्थायी कर्मियों के साथ उद्यान विभाग के अस्थायी माली भी विरोध प्रदर्शन में संयुक्त कार्य वृत्त में वर्णित मांगों को लेकर सम्मिलित हुए थे। जो निगम अधिकारियों को नागवार गुजरा था और उनके इशारे पर सी एल सी कंपनी ने 12 अस्थाई मालियों को मौखिक आदेश पर काम से बाहर कर दिया। उन्हीं मालियों की वापसी हेतु पांचों जॉन के अस्थाई माली हड़ताल पर हैं।
उ प्र उद्यान कर्मचारी संघ के संरक्षक कैलाश चंद्र शर्मा ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को निगम और सी एल सी की मिलीभगत की शिकायत करते हुए असंवैधानिक रूप से काम पर रोके गए अस्थायी मालियों की बहाली की मांग की है। साथ ही श्रमायुक्त गाजियाबाद कार्यालय में भी शिकायत की गयी है।