हॉकी विश्वकप की मेजबानी भारत के लिए गौरवपूर्ण अवसर, अतिथि देवो भवः की संस्कृति से दुनिया करेगी साक्षात्कार: योगी आदित्यनाथ

हॉकी विश्वकप में भारतीय टीम की जीत के लिए मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश पहुँची 15वें पुरुष हॉकी विश्व कप’ की विजेता ट्रॉफी, मुख्यमंत्री ने किया अभिनन्दन
हॉकी के लिए उर्वरक है उत्तर प्रदेश की भूमि, प्रदेश में हो रहा समृद्ध खेल संस्कृति का विकास: मुख्यमंत्री
■ भारत की मेजबानी में आगामी 13 से 29 जनवरी 2023 तक आयोजित ’15वें पुरुष हॉकी विश्व कप’ की विजेता ट्रॉफी खेल प्रेमियों के अवलोकनार्थ अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश आगमन पर ट्रॉफी का अभिनंदन किया।
■ इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने टोक्यो ओलंपिक 2020 की पदक विजेता भारतीय टीम के सदस्य ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक पद के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया। ललित के खेल योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के पदक विजेताओं की शासकीय सेवा का अवसर प्रदान किया जा रहा है।


■ हॉकी विश्व कप ट्रॉफी के उत्तर प्रदेश आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की पावन भूमि ओड़िसा में हॉकी विश्वकप की मेजबानी के लिए आज पूरा देश उत्सुक है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में यह हॉकी महाकुंभ विश्व के लिए भारत की ‘अतिथि देवो भव’ की भावना से साक्षात्कार का सुअवसर भी होगा। उन्होंने विश्वकप के सफल आयोजन के लिए हॉकी इंडिया की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

■ ‘हॉकी विश्वकप’ में शानदार प्रदर्शन के साथ जीत के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वकप की मेजबानी को पूरे भारत के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर कहा।
■ हॉकी इंडिया द्वारा वर्ल्ड कप हॉकी टूर के आयोजन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय प्रशंसक हमेशा हॉकी के प्रति विशेष लगाव रहा है। यह हमारा राष्ट्रीय खेल है और वैश्विक मंच पर भारत का हॉकी में गौरवशाली अतीत रहा है। ओलंपिक में हमने आठ स्वर्ण पदक जीते हैं। इस विश्वकप में सभी खेल प्रेमी भारतवासी अपनी राष्ट्रीय टीम को समर्थन देने के लिए उत्सुक हैं।