गाजियाबाद नगर निगम के ईटीएफ जवानों के लिए नई वर्दी: पहचान अलग, कार्य में सुविधा
गाजियाबाद: नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने ईटीएफ (एनफोर्समेंट टास्क फोर्स) के जवानों के लिए अलग वर्दी बनवाई है। यह बदलाव अभियानों के दौरान उनकी पहचान को अलग दिखाने और कार्य में सुविधा प्रदान करने के लिए किया गया है।
शासन के निर्देशानुसार, प्रवर्तन दल टीम अभियानों में अहम भूमिका निभाती है और निगम के कार्यों में सहयोग करती है। समय-समय पर जवानों के लिए ड्रेस और अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं। इसी क्रम में लगभग 4 साल बाद नगर आयुक्त ने उनकी पहचान को अलग करने के लिए अलग वर्दी बनवाई है। यह बदलाव गाजियाबाद नगर निगम की अभियानों में भी सहयोग बढ़ाने में मददगार होगा।
प्रवर्तन दल की भूमिका:
प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम में प्रवर्तन दल की टीम में 10 लोग हैं, सभी आर्मी रिटायर्ड हैं। उप परिवर्तन दल प्रभारी देवेंद्र सिंह और अन्य आठ जवानों में गजेंद्र सिंह, कृष्णपाल सिंह, मनदीप सिंह, सुधीर कुमार, नीरज कुमार, अजय राघव, हरीश कुमार और सूरजपाल शामिल हैं।
पूरी टीम गाजियाबाद नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है और अपना काम बखूबी निभा रही है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार, सभी को अलग वर्दी दी गई है ताकि उनकी पहचान अलग बनी रहे और प्रशासनिक तथा आमजन को उनकी पहचान हो सके।
गाजियाबाद नगर निगम की ईटीएफ टीम ने प्लास्टिक मुक्त अभियान के दौरान प्रमुखता से कार्य किया है। उनके सहयोग से उत्तर प्रदेश में प्लास्टिक मुक्त अभियान के दौरान वसूली में गाजियाबाद को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा, टैक्स वसूली अभियान, अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान और अन्य विशेष अभियानों के दौरान भी प्रवर्तन दल जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करता है।