नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी के आरोप में मां बेटी अरेस्ट

पूर्व सैन्य अधिकारी से लिए थे 15 लाख. दो लाख के गहने और स्कूटी बरामद
गाज़ियाबाद: कविनगर पुलिस ने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाली मां बेटी को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ ठगी के केस दर्ज हैं। मां बेटी ने एक पूर्व सैन्य कर्मी से बेटी की नौकरी लगवाने के नाम पर 15 लाख रुपए और एक जूलर से ढाई लाख रुपए ठग लिए थे। तगादा करने पर दोनों किराए का मकान खाली करके फरार हो गई थी। पुलिस को उनके एक साथी महिला के बारे में जानकारी मिली है, जिसकी तलाश की जा रही है।
कवि नगर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि दोनों मां बेटी काजल और इशिता मुरादनगर की रहने वाली हैं। दोनों चिरंजीव विहार में किराए के मकान में रह रही थी। महिंद्रा एंक्लेव में रहने वाले होरीलाल रिटायर्ड सैन्य कर्मी है। होरीलाल नगर निगम में नौकरी करते हैं और उनकी पत्नी चिरंजीव विहार में कपड़ों पर प्रेस करती हैं। उन्ही से काजल और इशिता अपने कपड़े प्रेस करवाती थी। दोनों ने होरी लाल की बेटी की सरकारी नौकरी लगवाने की बात की और इसके लिए ₹20.लाख की मांग की।

मां बेटी के झांसे में आकर होरी लाल ने मकान पर लोन लेकर उन्हें ₹15 लाख रुपए दे दिए लेकिन नौकरी के नाम पर दोनों उन्हें टालती रही। बाद में दोनों रातों-रात मकान खाली करके चली गई। कविनगर थाना प्रभारी ने बताया कि होरीलाल ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मां बेटी ने बाग वाली कॉलोनी में अमित वर्मा से ढाई लाख रुपए और लिए थे, उसकी ओर से भी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। मां बेटी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।