तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो को टक्कर मारी, दो महिलाओं की मौत
लोनी: अशोक विहार कॉलोनी के सामने आज सुबह एक तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। इस हादसे में ऑटो सवार एक युवती और ऑटो चालक घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी।
लोनी के दुगरावली गांव की रहने वाली बबीता (45) और रजनी (62) अपनी बेटी रीता (20) के साथ रहती थीं। रीता को पीलिया हो गया था, इसलिए रजनी उसे पीलिया की दवाई दिलाने के लिए लोनी के लिए निकली थीं। घर से कुछ दूरी पर उन्होंने लोनी तिराहा के लिए ऑटो लिया था।
तीनों लोनी तिराहा की तरफ आ रही थीं, तभी दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर अशोक विहार कॉलोनी के सामने एक तेज रफ्तार वाहन ने उनके ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो पलट गया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ऑटो चालक समेत तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बबीता और रजनी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी।
एसीपी लोनी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर दी जा रही है। वाहन चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।