
गाज़ियाबाद, 27 जनवरी 2024: गाज़ियाबाद में 29,000 रुपये की चोरी के आरोप में एक दोस्त ने अपने दूसरे दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सैफुल्लाह (26 वर्ष) और तीनों आरोपी इमरान (25 वर्ष), रजब (27 वर्ष) और नईम (28 वर्ष) नशे के आदी थे। कुछ दिन पहले सैफुल्लाह के घर से 29,000 रुपये चोरी हो गए थे। इस चोरी का आरोप इमरान और रजब पर लगा था। हालांकि, बाद में दोनों ने पैसे वापस कर दिए और मामले को सुलझा लिया।
लेकिन, चोरी के आरोप लगने से इमरान और रजब को मोहल्ले में बेइज्जती का सामना करना पड़ा था। वे सैफुल्लाह से बदला लेना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने तीसरे दोस्त नईम को साथ लिया।


शनिवार रात को इमरान ने सैफुल्लाह को अपने घर पर बुलाया। चारों ने एक साथ में स्मैक पी। इसके बाद पुरानी रुपए चोरी की घटना को लेकर विवाद शुरू हो गया। नईम ने गुस्से में आकर सैफुल्लाह के सिर में ईंट मार दी और इमरान ने पत्थर का टुकड़ा मार दिया। इसके बाद सैफुल्लाह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।
तीसरे साथी ने अपनी जेब से सर्जिकल ब्लेड निकालकर सैफुल्लाह की गर्दन पर वार कर दिए। इसके बाद सैफुल्लाह की लगभग 10 बजे मौत हो गई।
शव को ठिकाने लगाने के लिए तीनों अभियुक्तों ने मोहल्ले वालों के सोने का इंतजार किया। देर रात 2 बजे सैफुल्लाह के शव को एक प्लास्टिक के कट्टे में रखकर अपने घर के बाई तरफ जफरुद्दीन सैफी के मकान के नीचे दुकान के सामने रखें काउंटर में छिपा दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि इस पूरे मामले में 29,000 रुपये की चोरी के आरोप लगने के बाद पूरी घटना को अंजाम दिया गया। साथ ही उन्होंने बताया कि तीनों अभियुक्तों पर दिल्ली एनसीआर के अंदर चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।



