हथियारबंद बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी से लूटे 9.5 लाख रुपये

गाजियाबाद, 27 मई: सोमवार के दिन, गाजियाबाद में हथियारबंद बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप कर्मचारी से 9.5 लाख रुपये लूट लिए। यह घटना तब हुई जब पेट्रोल पंप का मुंशी, मयंक राजपूत, बैंक में जमा करने के लिए रुपये लेकर जा रहा था। राजनगर के रिंग रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और बंदूक की नोक पर उससे रुपये लूट लिए।
जानकारी के अनुसार राजनगर एक्सटेंशन में स्थित गौरी शंकर फीलिंग स्टेशन पर काम करने वाला मयंक राजपूत जब सेल की रकम को बैंक में जमा करवाने के लिए नवयुग मार्केट स्थित बैंक जा रहा था तो डीपीएस फाटक से सेक्टर दो की ओर जाने वाली सड़क पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर लेकर स्कूटी की डिक्की में रखी साढ़े नौ लाख रुपये लूट लिये।लूट की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसएचओ कविनगर योगेन्द्र सिंह, एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव, डीसीपी सिटी जोन और अन्य अधिकारियों ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
डीसीपी सिटी जोन कुंवर ज्ञान्नजय सिंह ने बताया कि इस वारदात का खुलासा करने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि इस वारदात के पीछे कोई ऐसा व्यक्ति भी हो सकता है जो पेट्रोल पंप के कर्मचारी द्वारा की जाने वाली रकम की आवाजाही के बारे में अच्छी तरह से जानता होगा। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


