गाजियाबाद में दुकानों के किराए में बढ़ोतरी का विरोध

- व्यापारियों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया
गाजियाबाद,3 फरवरी 2024: गाजियाबाद नगर निगम द्वारा घंटाघर गोल मार्केट में स्थित दुकानों के किराए में बढ़ोतरी किए जाने के प्रस्ताव का व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया है।
व्यापारियों का कहना है कि यह मार्केट 1958 में विभाजित होकर आए शरणार्थियों को उनकी जीविका चलाने के लिए आवंटित किया गया था। 1997 में शासन आदेश के अनुसार मेयर दिनेश चंद्र गर्ग द्वारा किराए में बढ़ोतरी करते हुए दो रुपए स्क्वायर फिट किराया निर्धारित किया गया था।
लेकिन 9 जनवरी 2024 को नगर निगम बोर्ड बैठक में किराया बढ़ोतरी के प्रस्ताव को पास कर दिया गया। इस प्रस्ताव के अनुसार किराया 4000, 8000, 12000, 16000, 18000 तक बढ़ा दिया जाएगा।
व्यापारियों का कहना है कि यह किराया बढ़ोतरी व्यापारी हित में नहीं है। गाजियाबाद व्यापारिक पृष्ठभूमि का शहर है और इस तरह की बढ़ोतरी से व्यापारियों पर अनावश्यक बोझ पड़ेगा।
व्यापारियों ने नगर निगम से आग्रह किया है कि इस किराया बढ़ोतरी के प्रस्ताव को व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए रोका जाए और व्यापारियों को राहत प्रदान की जाए।


