गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना; भारत सिटी सोसाइटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने 9वीं मंज़िल से कूदकर दी जान

गाजियाबाद: शहर के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसाइटी में मंगलवार देर रात एक बेहद दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बी–1 टावर के फ्लैट संख्या 907 में रहने वाली तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ 9वीं मंज़िल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सोसाइटी परिसर में अचानक तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, तब तक तीनों बहनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
तीनों बहनें हर काम साथ करती थीं
स्थानीय सूत्रों के अनुसार तीनों बहनें आपस में बेहद जुड़ी हुई थीं और रोजमर्रा के सभी काम – जैसे नहाना, खाना, स्कूल जाना और सोना – हमेशा एक साथ ही किया करती थीं। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें एक मोबाइल गेमिंग ऐप की आदी हो चुकी थीं।

हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अब तक आत्महत्या के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस जांच में जुटी, हर पहलू से हो रही पड़ताल
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के पीछे कोई मानसिक दबाव, ऑनलाइन गतिविधि या अन्य कारण तो जिम्मेदार नहीं है।
पुलिस का कहना है कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
सोसाइटी में शोक और सन्नाटा
घटना के बाद भारत सिटी सोसाइटी में शोक की लहर दौड़ गई है। पड़ोसी और स्थानीय लोग इस हादसे से गहरे सदमे में हैं। तीन नाबालिग बच्चियों की इस तरह एक साथ मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
(यदि आप या आपके आसपास कोई मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहा हो, तो परिवार से खुलकर बात करें और स्थानीय हेल्पलाइन या काउंसलिंग सेवा से संपर्क करें। समय पर बातचीत और सहयोग कई जिंदगियां बचा सकता है।)


