तेज रफ्तार कार ने महिला और 6 वर्षीय बच्ची को कुचला, बच्ची की हालत नाज़ुक, दिल्ली रेफर

गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र के सेन चौक पर तेज रफ्तार कार ने एक महिला और उसकी 6 वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बच्ची की हालत नाज़ुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को दिल्ली रेफर कर दिया गया है।
हादसे में कार ने मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों और वाहनों को भी टक्कर मारी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार (संख्या DL-8CBK-7634) का चालक, निवासी कृष्णा नगर बागू, लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला मुस्कान पत्नी श्याम सुंदर, निवासी मान सरोवर पार्क, दिल्ली को टक्कर मार बैठा।
हादसे में महिला के बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया है। उन्हें उपचार के लिए संजीवनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं महिला की 6 वर्षीय पुत्री वैष्णवी के सिर में गंभीर चोट आई है। बच्ची को पहले आस्था हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि हादसे के दौरान आरोपी चालक की कार ने एक बलेनो कार को भी टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी वाहन चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



