Ghaziabad

विश्व पर्यावरण दिवस पर एनसीआरटीसी ने महिलाओं के लिए मेरठ साउथ स्टेशन पर शुरू की इलेक्ट्रिक बाइक टैक्सी सेवा

विश्व पर्यावरण दिवस पर हरित और सतत भविष्य की ओर कदम बढ़ाते हुए, एनसीआरटीसी ने मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन पर इलेक्ट्रिक बाइक टैक्सी सेवा आरंभ की है। इस क्षेत्र में अपनी तरह की नई पहल की शुरुआत करते हुए इस सेवा को “महिलाओं द्वारा, महिलाओं के लिए” संचालित किया जा रहा है। यानी इसका संचालन विशेष रूप से प्रशिक्षित महिला ड्राइवरों द्वारा केवल महिला यात्रियों के लिए किया जाएगा। इस अग्रणी पहल की शुरुआत यूटीयू मोबिलिटी के साथ साझेदारी में की गई है। यह महिलाओं की सुरक्षा और सतत एवं सुरक्षित लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के प्रति एनसीआरटीसी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

इस सेवा को रणनीतिक रूप से मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन के गेट नंबर 1 से सटे पार्किंग ज़ोन से शुरू किया गया है। मेरठ साउथ स्टेशन पर सभी परिचालित नमो भारत स्टेशनों में सबसे अधिक राइडरशिप है। इस सेवा की शुरुआत में, पीक ऑवर्स के दौरान लगभग 10 इलेक्ट्रिक बाइक तैनात की जाएँगी, जो मेरठ साउथ स्टेशन के 5 किलोमीटर के दायरे में महिला यात्रियों को कम किराए पर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी की सेवा प्रदान करेंगी।

विश्वसनीय, समावेशी और सुरक्षित परिवहन विकल्पों की कमी के कारण जो वर्ग सबसे ज़्यादा प्रभावित होता है, वह महिलाएँ हैं। अगर इसके साथ जेंडर नॉर्म और ज़रूरी सेवाओं तक पहुँच से जुड़ी समस्याओं, ख़ास तौर पर बच्चों और सामान के साथ यात्रा करने पर या बुज़ुर्गों और दिव्यांग जनों के लिए यात्रा, को जोड़ दिया जाए, तो यह समस्या और व्यापक हो जाती है। एनसीआरटीसी इन मुद्दों को संबोधित करना चाहती थी और इसका एक समाधान प्रस्तुत कर इस परिदृश्य को बदलना चाहती थी। यह पहल इस दिशा में किए गए कई प्रयासों में से एक है। यह नमो भारत की महिला यात्रियों के लिए एक समर्पित, सुरक्षित और विश्वसनीय लास्ट-माइल विकल्प सुनिश्चित करेगा।

यात्रियों की प्रतिक्रिया और परिचालन प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद, एनसीआरटीसी इस पहल को अन्य नमो भारत स्टेशनों और प्रमुख स्थानों पर भी विस्तारित करने की योजना बना रहा है। यह महिलाओं के लिए सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल लास्ट-माइल विकल्पों तक व्यापक पहुँच सुनिश्चित करेगा।

एनसीआरटीसी नमो भारत के यात्रियों के लिए निर्बाध और सुविधाजनक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने का लगातार प्रयास कर रहा है। इसी दिशा में, एनसीआरटीसी ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के साथ समन्वय कर दिल्ली में विभिन्न मार्गों पर चलने वाली वातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बसों को नमो भारत स्टेशनों के साथ एकीकृत करने की व्यवस्था बनाई है। वर्तमान में, ये बसें दिल्ली सेक्शन के परिचालित स्टेशनों, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार से जुड़े चार मार्गों पर चल रही हैं। इसके अतिरिक्त, ई-रिक्शा और रैपिडो जैसे लास्ट-माइल सेवा प्रदाता भी गाजियाबाद के कई स्टेशनों पर सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।

महिलाओं के लिए इलेक्ट्रिक बाइक टैक्सी सेवा प्रदान करने की यह पहल एनसीआरटीसी के यात्री-केंद्रित सेवा मॉडल को सततता के साथ एकीकृत करने का एक और महत्वपूर्ण प्रयास है। यह देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए न केवल तेज़, बल्कि स्मार्ट और अधिक समावेशी पारगमन समाधान प्रदान करने के एनसीआरटीसी के मिशन को मजबूत करती है।

पर्यावरण दिवस के अवसर पर, एनसीआरटीसी ने यात्रियों के साथ बातचीत भी की। इसमें उन्हें नमो भारत परियोजना के कार्यान्वयन में एनसीआरटीसी द्वारा की गई हरित पहलों एवं नमो भारत ट्रेनों के पर्यावरण और सततता पर सकारात्मक प्रभाव के बारे में बताया गया। इस दौरान, यात्रियों के साथ एक पॉप-क्विज़ भी खेला गया जिसमें उन्होंने पूरे जोश के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। एनसीआरटीसी स्टेशनों, आरएसएस और डिपो की बिल्डिंगों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने, कॉरिडोर के साथ-साथ वर्षा जल संचयन संरचनाओं के निर्माण, रिजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम और नमो भारत ट्रेनों में पुश बटन सहित विभिन्न पहलों के साथ इस हरित पर्यावरण की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है। दुहाई स्थित डिपो पर एक वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया गया।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button