Ghaziabad

राजनगर एक्सटेंशन में मेधावी छात्र सम्मान समारोह संपन्न, 500 से अधिक विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

  • अवध ओझा ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र, शिक्षा को बताया भविष्य निर्माण का आधार

राजनगर एक्सटेंशन। अखिल भारतीय पूर्वांचल कल्याण संघ (पंजी.) द्वारा आयोजित “मेधावी छात्र सम्मान समारोह 2026” शनिवार को गोल्डन व्यू रिसोर्ट, राजनगर एक्सटेंशन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में दिल्ली और गाजियाबाद क्षेत्र के 500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि देश के प्रसिद्ध यूपीएससी मेंटर एवं मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा (ओझा सर) सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं शास्त्रीय नृत्य ने समारोह को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

अपने संबोधन में अवध ओझा ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने वाले विद्यार्थी ही भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।

विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद केशव चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से अनुशासित जीवन अपनाने तथा समय का सकारात्मक उपयोग करने का संदेश दिया।

समारोह में पार्षद मधुकर त्यागी, संकल्पसिद्धि फाउंडेशन के अध्यक्ष राजीव झा, वरिष्ठ समाजसेवी प्रेम शंकर सिंह, एयरफोर्स फेडरेशन के उपाध्यक्ष देवेंद्र चौबे सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं क्षेत्र की विभिन्न सोसायटियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी एवं यादगार बना दिया।

अखिल भारतीय पूर्वांचल कल्याण संघ के अध्यक्ष पं. दीपक मिश्र ने कहा कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में इस प्रकार का यह पहला व्यापक आयोजन है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के मेधावी छात्रों को एक मंच पर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने की यह पहल आगे भी जारी रहेगी।

संघ के संगठन सचिव बिजेंद्र कुमार बिद्रोही ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा और प्रतिभा को सम्मानित करने की परंपरा समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती है।

कार्यक्रम के दौरान संघ के संरक्षक राजन त्रिपाठी, संजय यादव, आशुतोष तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश तिवारी, उपाध्यक्ष बी.पी. उपाध्याय, पवन द्विवेदी, सुजीत झा तथा संगठन मंत्री अभिषेक पांडेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

LP News

Local Post News Network

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button