Ghaziabad

भामाशाह जयंती पर व्यापारी सम्मान दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया वर्चुअल संबोधन

गाजियाबाद, 29 जून 2025
दानवीर भामाशाह की जयंती को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में शनिवार को गाजियाबाद के आईटीएस कॉलेज, मोहन नगर में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जनपदों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया और व्यापारियों की समाज में भूमिका को सराहा।

गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम में सांसद अतुल गर्ग मुख्य अतिथि और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सांसद अतुल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि,

“व्यापारी वर्ग हमेशा सरकार और समाज का मजबूत स्तंभ रहा है। ऐसे में राज्य कर विभाग का यह दायित्व बनता है कि वह व्यापारियों को सहयोगात्मक वातावरण दे और छोटी-छोटी त्रुटियों को दंडित करने के बजाय उन्हें मार्गदर्शन देकर सुधारें।”

राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-1, मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने भामाशाह की जीवन गाथा को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि,

“भामाशाह जैसे दानवीर इतिहास में अमर हैं। उन्होंने राष्ट्र सेवा और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। उनके जीवन से हम त्याग, सेवा और देशभक्ति की भावना सीख सकते हैं।”

कार्यक्रम के दौरान व्यापारी सम्मान दिवस पर राज्य कर विभाग द्वारा लार्सन एंड टुब्रो इंफ्रास्ट्रक्चर वर्टीकल्स, साहिब ऑटोमोबाइल, गौर संस, सब मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड और रीजेंट ऑटो लिंक प्राइवेट लिमिटेड जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि, स्थानीय व्यापारी, उद्योग जगत के वरिष्ठजन और अधिकारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भामाशाह के जीवन पर आधारित पंक्तियां भी पढ़ी गईं, जो उनके त्याग और सेवा को शब्दों में समेटने का प्रयास थीं:

“वह धन्य देश की माटी है,
जिसमें भामा सा लाल पला,
उस दानवीर की यश गाथा को,
मेट सका क्या काल भला…”

इस आयोजन ने यह सुस्पष्ट कर दिया कि व्यापारी वर्ग न केवल आर्थिक प्रगति का वाहक है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करने वाला एक सशक्त स्तंभ भी है।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button