
गुरुग्राम: कई दिनों से बीमार चल रहे समाजवादी पार्टी के सरंक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का आज सुबह गुरुग्राम में निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। वह लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और गुरुग्राम के ही मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने आज यानी 10 अक्टूबर 2022 को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें 22 अग्स्त को यहां भर्ती करवाया गया था। 1 अक्टूबर की रात उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया था,वह वेंटिलेटर पर थे। पिछले रविवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों का एक पैनल उनकी स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए था।
मुलायम सिंह यादव की गिनती उत्तर प्रदेश के दिग्गज नेताओं में करी जाती थी। पहलवान और शिक्षक रहे मुलायम ने लंबी सियासी पारी खेली। तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री रहे। केंद्र में रक्षा मंत्री रहे। उन्हें बेहद साहसिक सियासी फैसलों के लिए भी जाना जाता है। समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट से उनके निधन की सुचना दी गयी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुलायम के परिवार के अन्य सदस्य उनके साथ दिल्ली में ही हैं। दिल्ली से उनका शव लखनऊ लाने की तैयारी है। लखनऊ में उनका शव जनता दर्शन के लिए रखा जाएगी। लखनऊ से फिर इटावा ले जाया जाएगा जहाँ पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।