दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनगर में ‘खेल वसन्त’ का भव्य शुभारम्भ

गाजियाबाद: दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनगर में ‘खेल वसन्त’ अन्तरविद्यालयीय खेल-कूद प्रतियोगिता का शानदार शुभारम्भ हुआ, जिसमें एनसीआर के 35 से अधिक विद्यालयों के 770 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस तीन दिवसीय आयोजन में क्रिकेट, बास्केटबॉल, तैराकी, फुटबॉल, टेनिस, योग और स्केटिंग जैसी विविध खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जो 27 अक्टूबर तक चलेंगी।


प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि संजय सिंह, जिला सहायक आबकारी आयुक्त, गाज़ियाबाद और राजकुमार, जिला व्यायाम शिक्षा विभाग के अधिकारी, उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया और सभी खिलाड़ियों को खेल भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही, विद्यालय की एनसीसी इकाई ने अनुशासनपूर्ण पथ संचलन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनगर की प्रधानाचार्या, प्रिया वाधवा ने प्रतिभागियों को खेलों में अनुशासन और खेल भावना बनाए रखने का संदेश दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


‘खेल वसन्त’ प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखने लायक था। उपस्थित दर्शकों ने भी विभिन्न खेलों का भरपूर आनंद लिया। तीन दिवसीय इस आयोजन में खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धा और खेल के प्रति उनका समर्पण दिल्ली-एनसीआर के छात्रों की खेल प्रतिभा को नई ऊंचाईयों तक ले जाने का प्रतीक है।



