Ghaziabad

गौर कैस्केड्स चुनाव: व्यक्तिगत संपर्क पर जोर; संकल्प बनाम नवोदय में सीधा मुकाबला

गाजियाबाद, शनिवार। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गौर कैस्केड्स सोसाइटी में एओए के नए बोर्ड के गठन के लिए रविवार को मतदान होगा। शुक्रवार शाम प्रचार थमने के साथ ही अब दोनों प्रमुख पैनल, टीम संकल्प और नवोदय टीम व्यक्तिगत संपर्क के जरिए मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं। इस बार का चुनाव कई मायनों में अहम माना जा रहा है, जहां सुरक्षा, विकास, पारदर्शिता और भविष्य की सुविधाओं जैसे मुद्दों पर फैसला होना है।

दोनों टीमों के बीच सीधी टक्कर
चुनाव में मुकाबला सीधे तौर पर टीम संकल्प और नवोदय टीम के बीच माना जा रहा है। दोनों पक्ष अपने-अपने पिछले कार्यकाल और भविष्य की योजनाओं को आधार बनाकर समर्थन मांग रहे हैं।

टीम संकल्प, जो वर्ष 2019 से 2023 तक एओए की जिम्मेदारी संभाल चुकी है, अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को प्रमुखता से सामने रख रही है। टीम का दावा है कि उनके कार्यकाल में सोसाइटी को एनसीआर की अनुशासित और सुरक्षित सोसाइटी के रूप में पहचान मिली। साथ ही करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों में से 600 से अधिक कैमरे उनके कार्यकाल में लगाए गए।

112 1

इसके अलावा कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को सुदृढ़ करना, डीजी के फिक्स्ड चार्ज में बचत, कैपिटल मीटर की एएमसी लागत कम करना, डॉग पार्क, सुरक्षित किड्स एरिया, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाएं और हरियाली बढ़ाने जैसे कार्यों को भी अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया है।

नवोदय टीम विकास और लंबित मुद्दों पर केंद्रित
वहीं नवोदय टीम अपने कार्यकाल में सोसाइटी के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को गति देने का दावा कर रही है। टीम का कहना है कि बिल्डर से जुड़े कई लंबित मुद्दों को सुलझाने की दिशा में काम किया गया है।

नवोदय टीम स्वास्थ्य सेवाओं, वरिष्ठ नागरिक कल्याण और नई सामुदायिक योजनाओं को आगे बढ़ाने का वादा भी कर रही है, जिससे सोसाइटी के समग्र विकास को गति मिल सके।

चुनावी माहौल में बढ़ी तल्खी
चुनाव के नजदीक आते ही दोनों गुटों के समर्थकों के बीच सोशल मीडिया, खासकर सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप्स पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। समर्थकों के बीच तीखी टिप्पणियां और ‘मड स्लेजिंग’ देखने को मिल रही है।

हालांकि, कई वरिष्ठ निवासियों ने संयम बरतने की अपील करते हुए कहा है कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के रूप में लिया जाना चाहिए। उनका मानना है कि मतदान के बाद सभी को मिलकर सोसाइटी के विकास के लिए काम करना होगा।

निवासियों के फैसले पर टिकी नजरें
अब अंतिम फैसला मतदाताओं के हाथ में है। रविवार को होने वाला मतदान तय करेगा कि निवासी पिछले अनुभव पर भरोसा जताते हैं या नई प्राथमिकताओं के साथ बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाते हैं।

फिलहाल, गौर कैस्केड्स में चुनावी सरगर्मी चरम पर है और सभी की नजरें मतदान दिवस और उसके परिणामों पर टिकी हुई हैं, जहां सोसाइटी के भविष्य की दिशा तय होगी।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button