गाजियाबाद में स्वतंत्रता दिवस का जोश: नगर निगम ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

गाजियाबाद: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गाजियाबाद में उत्साह और देशभक्ति की लहर छाई रही। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा का आयोजन किया, जो नगर निगम मुख्यालय से शहीद स्थल नवयुग मार्केट तक निकाली गई। यात्रा के दौरान सभी ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज पकड़े हुए थे और देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहीद स्थल पर पहुंचकर शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाएं और स्वतंत्रता दिवस के बाद उसे सम्मानपूर्वक उतारकर संभाल कर रखें।
गाजियाबाद नगर निगम ने “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए शहर भर में तिरंगे वितरित करने का कार्य किया। नगर निगम ने लगभग 5 लाख से अधिक तिरंगे राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए हैं, जिसमें माननीय पार्षदों का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है।


अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशों के तहत सभी पांच ज़ोन में जोनल प्रभारी की देखरेख में वार्ड स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज वितरण कार्य चल रहा है। क्षेत्रीय पार्षद, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और सामाजिक संस्थाएं भी इस अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग कर रही हैं।
स्वतंत्रता दिवस की भव्य तिरंगा यात्रा के साथ-साथ गाजियाबाद नगर निगम सीमा के अंतर्गत शहीदों की प्रतिमाओं को भी सुसज्जित किया गया है। इस अवसर पर नगर निगम ने 78वें स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाया और पूरे शहर में उत्साह का माहौल रहा।


