इंदिरापुरम की गौड़ ग्रीन एवेन्यू में भीषण आग, चार फ्लोर तक फैली लपटें; कई फ्लैट खाक
video credit – social media
गाजियाबाद, बुधवार। इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत के फ्लैट में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। नौवीं मंजिल से शुरू हुई आग तेज हवाओं के चलते ऊपरी फ्लोर तक फैल गई, जिससे कई फ्लैट इसकी चपेट में आ गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सुबह करीब 8:50 बजे लगी इस आग का घना काला धुआं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक दिखाई दे रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग नौवीं मंजिल के एक फ्लैट से शुरू होकर 10वीं, 11वीं और 12वीं मंजिल तक फैल गई।
बताया जा रहा है कि चार से पांच फ्लोर के कुल पांच से छह फ्लैट इस आग की चपेट में आ गए, जिनमें रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
दमकल की कई गाड़ियों ने पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10:45 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिसके बाद कूलिंग का कार्य जारी रहा।
दहशत में बाहर निकले निवासी
आग लगते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया। लोग अपने-अपने फ्लैट छोड़कर नीचे खुले स्थानों में इकट्ठा हो गए। आसपास के टावरों के निवासी भी एहतियात के तौर पर बाहर निकल आए। पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे भय का माहौल बना रहा।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जनहानि नहीं
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रशासन हुआ सतर्क
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर हाई-राइज सोसाइटीज में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


