गाज़ियाबाद में भ्रष्टाचार उन्मूलन को मिलेगी और गति, कमिश्नरेट में स्थापित हुई भ्रष्टाचार निवारण संगठन की नई इकाई

गाज़ियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अपनाई गई भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रदेशभर में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (Anti-Corruption Organization) की इकाइयों की स्थापना का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में भी संगठन की एक नई इकाई की स्थापना की गई, जो अब जिले में भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के अभिसूचना संकलन और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
इस नई इकाई का औपचारिक उद्घाटन के. सत्यनारायण, अपर पुलिस महानिदेशक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार उन्मूलन के प्रति प्रतिबद्ध है और इस दिशा में उठाए जा रहे कदम आमजन के विश्वास को मजबूत करेंगे। उन्होंने संगठन की भूमिका, शिकायतों के पारदर्शी निस्तारण और त्वरित कार्यवाही के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने यह भी कहा कि गाज़ियाबाद जैसे तीव्र गति से विकसित हो रहे जिले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की एक अलग इकाई का गठन एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार में लिप्त व्यक्तियों पर समय रहते कार्रवाई संभव होगी।
कार्यक्रम में केशव कुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध), आलोक प्रियदर्शी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था/यातायात), इरफान नासिर खान, पुलिस उपाधीक्षक (भ्रष्टाचार निवारण संगठन, मेरठ इकाई),
तथा कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नई इकाई के शुरू होने से यह उम्मीद है कि गाज़ियाबाद में भ्रष्टाचार पर नियंत्रण को नई मजबूती मिलेगी और जनता की शिकायतों पर अधिक प्रभावी व समयबद्ध कार्रवाई हो सकेगी।

