मेरठ रोड पर चलती स्कूल बस में लगी आग, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा, सीएनजी बस पूरी तरह आग की चपेट में आई

गाजियाबाद, 11 जुलाई। मेरठ रोड स्थित नंदग्राम मोड़ के पास शनिवार सुबह एक स्कूल बस में अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई बच्चा या अन्य यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर समय रहते काबू पा लिया।
अग्निशमन एवं आपात सेवा के अनुसार, सुबह 9:26 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि नंदग्राम तिराहा, मेरठ रोड पर एक स्कूल बस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।
दमकल कर्मियों के पहुंचने तक बस आग की तेज लपटों और घने काले धुएं से घिर चुकी थी। आग तेजी से पूरे वाहन में फैल रही थी। फायर कर्मियों ने होज लाइन एवं होज रील की सहायता से चारों ओर से आग को नियंत्रित करते हुए कुछ ही समय में पूरी तरह बुझा दिया। अधिकारियों के अनुसार बस का पंजीकरण नंबर UP-14 GT-6565 है और वह सीएनजी संचालित थी।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस नंदग्राम मोड़ पर शीशा बदलवाने के लिए लाई गई थी। घटना के समय उसमें कोई छात्र-छात्रा सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

डीपीएस गाजियाबाद ने जारी किया आधिकारिक स्पष्टीकरण
घटना के बाद सोशल मीडिया पर बस को दिल्ली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद (मेरठ रोड) की बस बताया जाने लगा। इस पर विद्यालय प्रशासन ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि आग से प्रभावित वाहन विद्यालय की वर्तमान अधिकृत परिवहन व्यवस्था का हिस्सा नहीं है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, संबंधित बस ऑपरेटर का वर्तमान में डीपीएस गाजियाबाद (मेरठ रोड) से कोई अनुबंध नहीं है। विद्यालय ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व बस की फिटनेस संबंधी कारणों से उसका अनुबंध समाप्त कर दिया गया था। इसके बावजूद बस संचालक द्वारा वाहन से स्कूल के स्टिकर नहीं हटाए गए, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई।
प्रधानाचार्य कार्यालय की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया है कि संबंधित वाहन विद्यालय के अधिकृत परिवहन बेड़े में शामिल नहीं है और अभिभावकों से अपील की गई है कि बिना तथ्य सत्यापित किए इस घटना को डीपीएसजी से न जोड़ा जाए।
विद्यालय ने अपने बयान में कहा कि डीपीएसजी की अधिकृत परिवहन व्यवस्था में संचालित सभी बसों का नियमित रखरखाव, सुरक्षा परीक्षण और सभी वैधानिक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाता है तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
अग्निशमन विभाग ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक स्तर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट जैसी संभावनाओं की जांच की जा रही है। संबंधित एजेंसियां बस का तकनीकी निरीक्षण कर आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाएंगी।
घटना के कारण कुछ समय के लिए मेरठ रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। अग्निशमन विभाग ने वाहन संचालकों से नियमित रूप से वाहनों की तकनीकी जांच, विशेषकर सीएनजी प्रणाली, ईंधन लाइन और विद्युत वायरिंग का निरीक्षण कराने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।



