Ghaziabad

गाजियाबाद की वी.वी.आई.पी. सोसाइटी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग का उमड़ा जनसैलाब

✍️ लोकल पोस्ट संवाददाता | राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद | 21 जून 2025

राजनगर एक्सटेंशन स्थित वी.वी.आई.पी. सोसाइटी ने इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर एक अनूठा और प्रभावशाली योग कार्यक्रम आयोजित कर संपूर्ण समाज को एकता, स्वास्थ्य और संतुलन का संदेश दिया। आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित इस आयोजन में सुबह से ही योगाभ्यास के प्रति लोगों में अद्भुत उत्साह देखने को मिला। सोसाइटी के केंद्रीय पार्क में सैकड़ों की संख्या में लोग जुटे और सभी ने सामूहिक योग के माध्यम से ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की भावना को जीवंत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक प्रार्थना और शास्त्रीय संगीत के मधुर स्वरों से हुई, जिसने वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद योगिक जॉगिंग, जोड़ों की क्रियाएं, कमर और घुटनों की विशेष एक्सरसाइज कराई गईं। पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी निरंजन सिंह आर्य ने अंतरराष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का सजीव अभ्यास कराते हुए बताया कि नियमित योग अभ्यास से किस प्रकार शारीरिक और मानसिक रोगों से मुक्ति पाई जा सकती है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि योग गुरु दीपांकर महाराज, माया प्रकाश त्यागी, सतीश जैन, पी.पी. त्यागी, पूर्व पार्षद जे.पी. कश्यप और राजेंद्र त्यागी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने योग को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बताते हुए इसके सामाजिक और व्यक्तिगत लाभों पर प्रकाश डाला।

शिविर संचालन में योग शिक्षक डॉ. एस.पी. त्यागी और उनकी टीम, कुसुम, सुधा, योगेश, राधेश्याम, भीष्म, तेजवीर, विजेंद्र, हरीराज त्यागी, लायक सिंह, सुनीता, पूनम, अमरेश देवी, राजवती, निशा, सरोज, मोनिका सिंघल, कपिल गोयल ने अथक प्रयास करते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

वीवीआईपी AOA की ओर से योगेश त्यागी, प्रांशु बालियां, संदीप कुमार (बब्बू) और अन्य स्वयंसेवकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को संभालते हुए यह सुनिश्चित किया कि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पूरे आयोजन में सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी योगासन और ध्यान सत्र में गहरी रुचि दिखाई, जिससे यह आयोजन न केवल एक योग सत्र रहा, बल्कि एक सामाजिक चेतना और स्वास्थ्य जागरूकता का प्रतीक बन गया।

वीवीआईपी सोसाइटी में इस तरह के आयोजन यह दर्शाते हैं कि सामूहिक स्वास्थ्य, समरसता और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने में स्थानीय समुदायों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। योग न केवल शरीर को लचीला बनाता है, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में शांति और संतुलन भी लाता है, यही संदेश इस आयोजन ने पूरे समाज को दिया।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button