प्रतीक ग्रैंड सिटी, सिद्धार्थ विहार: हरियाली तीज के महोत्सव में महिलाओं ने उत्साह से जश्न मनाया

हल्की हल्की फुहार है,
ये सावन की बहार है,
संग पिया के झूलें आओ, आज हरियाली तीज का त्योहार है
गाज़ियाबाद: ऐसी कुछ बोलियों पर महिलाएं आज झूमती नजर आई। रंग बिरंगे कपड़ों में सजी महिलाएं बहुत ही सुंदर लग रही थी। इस दौरान उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। मौका था हरियाली तीज कार्यक्रम का। प्रतीक ग्रैंड सिटी, सिद्धार्थ विहार, गाजियाबाद में आयोजित तीज समारोह में सौ से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया।


कार्यक्रम शाम 5.30 से शुरू हुआ और रात 9 बजे खत्म हुआ। महिलाओं ने दीप प्रज्वलित एवम गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर गाने और नृत्य की प्रतियोगिता एवम विभिन्न गेम्स, खाने पीने एवं आकर्षक गिफ्ट की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान महिलाएं काफी उत्साह और आत्मविश्वास से भरपूर नजर आईं। तीज कार्यक्रमों में महिलाओं ने विभिन्न व्यंजनों का स्टॉल भी लगाए थे। रंगारंग कार्यक्रमों के अलावा महिलाओं ने कई प्रकार के खेलों में हिस्सा लिया और सावन के गीतों पर जमकर झूमीं। महिलाओं ने पारंपरिक व आधुनिक तरीके से हरियाली तीज उत्सव मनाया। तीज महोत्सव में महिलाओं ने सोलह श्रृंगार, नृत्य प्रतियोगिता, तंबोला समेत कई प्रकार की प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन किया। सभी महिलाओं ने मेहंदी लगावाई और एक दूसरे को हरियाली तीज की बधाई दी।

इस अवसर पर अंतिमा, प्राची, आशु सहित अन्य महिलाओं ने विभिन्न गानों पर अपनी परफार्मेंस दी। सोसाइटी निवासी आयोजक कौशल गुप्ता, मीना त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर भारत में तीज का विशेष उत्साह महिलाओं में होता है जिसका महिलाओं को बेसब्री से इंतजार रहता है।


हिंदू धर्म में इस तीज का बेहद महत्व होता है। इस दिन महिलाएं हरे रंग के कपड़े और चूड़ियां पहनती हैं। अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं। वहीं, कुंवारी लड़कियां अच्छे पति की कामना के लिए हरियाली तीज का उपवास करती हैं। हरियाली तीज को भगवान शिव और माता पार्वती के मिलन की याद में मनाया जाता है।