भिक्कनपुर/महमूदाबाद (मुरादनगर) के ग्रामीणों ने डंपिंग ग्राउंड के खिलाफ सौंपा ज्ञापन, एक लाख हस्ताक्षरों के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को किया संबोधित
मुरादनगर : भिक्कनपुर/महमूदाबाद (मुरादनगर) के ग्रामीणों ने डंपिंग ग्राउंड की समस्या से निजात पाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक लाख हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन आज जिलाधिकारी को सौंपा गया, जिसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्या के समाधान की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज ग्रामीणों को कलेक्ट्रेट गाजियाबाद में ज्ञापन सौंपना था। प्रत्येक गांव से पांच ट्रैक्टर और पच्चीस व्यक्तियों को कलेक्ट्रेट पहुंचना था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को ट्रैक्टर ले जाने पर कार्यवाही करने की चेतावनी दी। बावजूद इसके, ग्रामीण सुबह आठ बजे से ही पाइप लाइन रोड पर जुटने लगे और दर्जनों ट्रैक्टरों के साथ ग्रामीणों का जमावड़ा होने लगा।
प्रशासन ने समिति के पदाधिकारियों से संपर्क कर ट्रैक्टर के बजाय अन्य साधनों से पहुंचने की हिदायत दी, लेकिन पदाधिकारियों ने इससे इंकार करते हुए कहा कि यदि ट्रैक्टरों को नहीं जाने दिया गया तो ग्रामीण पैदल मार्च करते हुए ज्ञापन सौंपेंगे। काफी देर तक बातचीत का दौर चलता रहा, अंत में प्रशासन ने मौखिक सूचना दी कि जिलाधिकारी की ओर से अधिकारी ज्ञापन लेने के लिए ग्रामीणों के बीच पहुंच रहे हैं।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) और एसडीएम सदर अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों से 380 पेज का ज्ञापन प्राप्त किया, जो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित था। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति अध्यक्ष चौधरी आजाद प्रमुख, सिद्धेश्वर महादेव कुटी के महंत स्वामी मुकेशानंद गिरी महाराज, डंपिंग ग्राउंड हटाओ समिति भिक्कनपुर के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द कलकल, एडवोकेट बी.सी. बंसल, प्रवीण मुखिया शाहपुर, सीता राम शर्मा रेवड़ी और मा प्रवीण त्यागी शामिल रहे।
ज्ञापन सौंपने के बाद, अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस गंभीर समस्या का समाधान शीघ्र ही नगर निगम के अधिकारियों के साथ वार्ता कर निकाला जाएगा। ज्ञात हो कि समिति के पदाधिकारियों को सुबह 7 बजे हाउस अरेस्ट किया गया था, लेकिन वार्ता के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस प्रशासन की रोक के बावजूद, सभी गांवों से ग्रामीण बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ पाइप लाइन रोड मकरेडा पहुंचे।

ज्ञापन सौंपने के बाद संचालक मंडल की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता समिति अध्यक्ष आजाद प्रमुख और संचालन एडवोकेट बी.सी. बंसल ने किया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को पूर्व घोषित “ग्रामीण पंचायत” पाइप लाइन रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास फार्म हाउस में होगी, जहां आगे की रणनीति तय कर आंदोलन को पुनः प्रारम्भ किया जाएगा।



