खोड़ा में पानी की विकराल समस्या, जिलाधिकारी को ज्ञापन

गाजियाबाद: खोड़ा कॉलोनी में पानी की विकराल समस्या को लेकर खोड़ा रेजिडेंट एसोसिएशन (केआरए) ने आज गाजियाबाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। केआरए अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि खोड़ा में पानी की समस्या अब विकराल होती जा रही है। उन्होंने कहा कि एक आम आदमी 5 से 7 लाख रुपए की बोरिंग कैसे करवाएगा, जबकि वह भी तीन-चार साल बाद पानी देना बंद कर देती है।
जोशी ने बताया कि खोड़ा में पानी की समस्या के कारण बड़ी-बड़ी बोरिंग हैं, जो 4 से 5 एचपी की मोटर प्रयोग में लाई जाती हैं, जिससे हजार रुपए का बिल खोड़ा की आम जनता को भरना पड़ रहा है। इसके कारण लोगों के मीटर का लोड बढ़ा दिया गया है। केआरए के वरिष्ठ सलाहकार अमरचंद ठेकेदार ने कहा कि लोग ब्याज पर पैसे लेकर बोरिंग करवा रहे हैं।
संरक्षक हंसा दत्त बेलवाल ने कहा कि अब पानी सर से ऊपर जा चुका है और अब किसी भी जनप्रतिनिधि की झूठी बातों में हम नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक पानी नहीं आएगा, तब तक ना हम चैन से बैठेंगे ना जनप्रतिनिधियों को चैन से बैठने देंगे।उपाध्यक्ष बृजमोहन गोसाई ने कहा कि जिला अधिकारी महोदय को अवगत करा दिया गया है कि 15 जून से साइकिल यात्रा खोड़ा से लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास पर धरना देगी।
आज ज्ञापन देने के दौरान वार्ड 30 अध्यक्ष गोपाल पांडे, सचिव उमेश सिंह सतपाल, कोषाध्यक्ष ललित मिश्रा, प्रचार सचिव नवीन गढाकोटी, लेखक मुकेश शर्मा, पदम सिंह आदि उपस्थित रहे। ज्ञापन में खोड़ा में पानी की विकराल समस्या का समाधान करने की मांग की गई है।



