गाजियाबाद में डीआरडीओ अधिकारी की सोने की चेन छीनी, पत्नी पर हमला

गाजियाबाद, 21 अक्टूबर 2024: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना में डीआरडीओ (रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन) के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. गोविंद कुमार और उनकी पत्नी पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर उनकी सोने की चेन छीन ली। इस हमले में डॉ. गोविंद की पत्नी को गंभीर चोटें आईं, जब बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया।
यह घटना तब हुई जब डॉ. गोविंद कुमार और उनकी पत्नी राजनगर एक्सटेंशन के व्यस्त बाजार क्षेत्र में एवीएस स्क्वायर और क्लासिक रेजीडेंसी के पास टहल रहे थे। अचानक, बाइक पर सवार दो बदमाश तेजी से उनके पास आए और डॉ. गोविंद की सोने की चेन झपट ली। छीना-झपटी के दौरान डॉ. गोविंद की गर्दन पर चोट आई, और बदमाशों ने उनकी पत्नी को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे वह सड़क पर घायल हो गईं।
घटना के बाद, डॉ. गोविंद तुरंत राजनगर एक्सटेंशन पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर दो सिपाही भेजे, लेकिन डॉ. गोविंद को अगली सुबह वापस आकर लिखित शिकायत दर्ज करने के लिए कहा गया।
डॉ. गोविंद ने पुलिस की इस प्रक्रिया पर नाराजगी जाहिर की और बताया कि इस गंभीर अपराध के बावजूद उन्हें कई बार पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाने पड़े हैं। हालांकि, घटना के बाद से अभी तक कोई ठोस जांच शुरू नहीं हुई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों पर स्ट्रीट लाइट्स खराब पड़ी हैं, जिससे इलाका अंधेरे में डूबा रहता है। टूटे और गले पड़े बिजली के खंभों के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं, और इसी वजह से ऐसी लूट की घटनाएं आम हो रही हैं।


स्थानीय निवासी और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में स्ट्रीट लाइट्स की मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। साथ ही, इस घटना ने इलाके में बढ़ते अपराधों और पुलिस की सुस्त कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


