सिद्धार्थ विहार में बदहाल सड़कों का निर्माण शुरू, लोगों को मिलेगी राहत

गाजियाबाद: आचार संहिता समाप्त होने के बाद आवास विकास परिषद ने सिद्धार्थ विहार में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इस निर्माण कार्य से सिद्धार्थ विहार, न्यू लिंक रोड और प्रताप विहार के रास्ते इंदिरापुरम, नोएडा और दिल्ली की ओर आने-जाने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
वर्तमान में सड़क का निर्माण कार्य गौड़ सिद्धार्थम और गंगा यमुना सोसाइटी के सामने किया जा रहा है। इसके बाद अन्य स्थानों पर भी निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। यह कार्य लगभग पांच दिनों में पूरा होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि इससे पहले आवास विकास परिषद ने सिद्धार्थ विहार से एनएच 9 की ओर जाने वाली सड़कों का निर्माण किया था। निवासियों का कहना है कि गौड़ सिद्धार्थम के सामने की दोनों सड़कें काफी खराब हालत में थीं। इन सड़कों पर गड्ढे और कीचड़ होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती थी। इसके अलावा, कांशीराम आवास योजना से हिंडन लोहे के पुल की ओर जाने वाली सड़क भी काफी खराब थी।
आवास विकास द्वारा इन सड़कों का निर्माण किए जाने से लोगों में खुशी की लहर है।


