
गाजियाबाद : “हम तुम रोड” (निलाया ग्रीन्स रोड) पर प्रशासनिक उदासीनता का शिकार हो रही सात प्रमुख सोसायटियों के निवासियों ने कड़कती ठंड में सड़क के गड्ढे भरने का बीड़ा उठाया। सड़क पर बने गहरे और खतरनाक गड्ढों को भरकर उन्होंने इसे पैदल चलने लायक बनाने का प्रयास किया। इस कार्य में जॉइंट फोरम हम तुम रोड के सदस्यों ने श्रमदान कर एकजुटता की मिसाल पेश की।
समस्या का मूल:
हम तुम रोड, जो कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में स्थित है, डेढ़ किलोमीटर लंबा रास्ता है। यह सड़क दिया ग्रीन सिटी, निलाया ग्रीन्स, महक जीवन, राज विलास, मीडोज विस्ता, मोती रेजिडेंसी, और संचार रेजिडेंसी जैसी सोसाइटियों को जोड़ती है। खराब हालत और गड्ढों की वजह से हजारों निवासियों को रोजाना दुर्घटनाओं और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
सड़क का संकरा होना, भारी ट्रकों और नगर निगम के कूड़ा वाहनों का आना-जाना, और रात्रि में स्ट्रीट लाइट का अभाव, इसे और खतरनाक बना देता है। यहां स्कूल बसों, सार्वजनिक वाहनों, और महिलाओं व बच्चों के लिए हर रोज़ खतरा बना रहता है।


हम तुम रोड को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की योजना में 24 मीटर चौड़ा बनाया जाना है, लेकिन अभी यह सड़क सिर्फ 5-6 मीटर चौड़ी है। निवासियों ने सड़क की मरम्मत, चौड़ीकरण, गति अवरोधक और स्ट्रीट लाइट की मांग के लिए कई बार प्रशासन से संपर्क किया, लेकिन हर बार उनकी समस्याओं को अलग-अलग विभागों के बीच टाल दिया गया।
प्रशासन से उम्मीदें टूटने के बाद, जॉइंट फोरम हम तुम रोड के सदस्यों ने अपने स्तर पर समाधान निकालने का फैसला किया। चंदन चौबे, शिवम् पाराशर, स्कंद कुमार, अनिल शर्मा, और अन्य निवासियों ने श्रमदान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को समर्थन दिया।
निवासियों का संदेश:
“यह सड़क केवल हमारा रास्ता नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन और सुरक्षा का सवाल है। प्रशासन की अनदेखी के बावजूद, हम अपने घरों और बच्चों की सुरक्षा के लिए हर कदम उठाएंगे,” निवासियों ने कहा। निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि वे सड़क की मरम्मत, चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की दिशा में जल्द कार्रवाई करें।
इस पहल में चंदन चौबे, शिवम् पाराशर, स्कंद कुमार, अनिल शर्मा, ललित शर्मा, रक्षित, जी. एस. भड़ाना, संदीप ठाकुर, पुष्पा रावत, और अन्य लोग शामिल थे।



