राजनगर एक्सटेंशन वीवीआईपी के बाहर चेन स्नेचिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस

गाजियाबाद: शहर में बाइक सवार बदमाशों का आतंक है। राजनगर एक्सटेंशन में बाइक सवार दो बदमाशों ने वीवीआईपी सोसायटी के पास एक महिला से चेन लूट ली। उस दौरान वह कार से सब्जी लेने के लिए उतरी थीं तभी पीछे से आए बदमाशों ने वारदात की। घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे की है। मामले में उन्होंने पुलिस से शिकायत की है।
वीवीआईपी सोसायटी निवासी विजय छाबड़ा ने बताया कि वह पत्नी पूनम छाबड़ा के साथ सब्जी लेने गए थे। वीवीआईपी सोसायटी के पास उन्होंने कार रोकी जैसे ही पत्नी कार से उतरकर सब्जी लेने लगी तभी पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने पत्नी के गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली और भाग गए। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने हेलमेट लगाया हुआ था और बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। मामले में पुलिस से शिकायत की है।
एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया मामले में जांच की जा रही है। लुटेरों की तलाश के लिए टीम लगी हैं। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।


