विशालकाय अजगर को देख अटकी ग्रामीणों की सांसे, वन विभाग की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा

गाज़ियाबाद: तिबड़ा मार्ग पर गांव गढ़ी गदाना स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में बृहस्पतिवार सुबह 15 फीट लंबा अजगर मिलने से ग्रामीणों की सांसे अटक गई। अजगर शिकार की तलाश में वहां खड़े पड़े पर चढ़ गया। कुछ ही देर में सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने एक निजी संस्था के सहयोग से दो घंटे की मशक्कत के अजगर को पकड़ा। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे निर्माणाधीन कॉलोनी के पास से गुजर रहे ग्रामीणों को एक विशालकाय अजगर दिखा। विशालकाय अजगर एक बंदर के बच्चे का पीछा करते हुए वहां खड़े शीशम पेड़ पर चढ़ गया। अजगर को देखने के लिए मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और वन विभाग को मामले की जानकारी दी।
वन दरोगा संजीव कुमार और वनकर्मी रोहित शर्मा मौके पर पहुंचे और अजगर को पकड़ने का प्रयास किया। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद वनकर्मियों ने वन्यजीव प्रेमी जगमोहन की सहायता से पेड़ पर सीढ़ी लगाकर अजगर को नीचे उतारा। ग्रामीणों के अनुसार अजगर कई दिन से रजवाहे के आसपास ही घूम रहा था। वन दरोगा संजीव कुमार ने बताया कि अजगर करीब 15 फीट लंबा था और उसका वजन लगभग 40 किलो था। अजगर को सुरक्षित पकड़कर उसे चुड़ियाला के जंगल में छोड़ दिया गया।