श्रावण मास के पहले सोमवार पर फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन ए ओ ए ने किया वृक्षारोपण का शुभारंभ

गाजियाबाद: पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार के शुभ अवसर पर फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन ए ओ ए द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के अध्यक्ष सचिन त्यागी ने राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की एम सी सिग्नेचर हाइट्स सोसाइटी की कार्यकारिणी के सहयोग से किया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं पवित्र छठ घाट में किया गया, जहां सचिन त्यागी ने अपनी दिवंगत माता की याद में पीपल का पवित्र पौध रोपित किया।
सचिन त्यागी ने इस आरंभ हेतु सोसाइटी महासचिव मोनू त्यागी को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष संगठन का लक्ष्य न्यूनतम दस हजार पौधों का रोपण करना है, जोकि बड़े और छायादार वृक्ष का रूप धारण करें। फेडरेशन का उद्देश्य सम्पूर्ण राजनगर एक्सटेंशन को गाजियाबाद का सबसे विकसित और हरित क्षेत्र में परिवर्तित करना है।
सचिन त्यागी ने बताया कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण ही वह एक मात्र कुंजी है, जिससे हम अपनी आने वाली पीढ़ी को प्रदूषण से बचाते हुए स्वस्थ पर्यावरण प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने सभी निवासियों से इस पुण्य कार्य में सहयोग देने का आह्वान किया और कहा कि पौधों की देखभाल करना सभी का उत्तरदायित्व है जब तक वे बढ़कर विशाल न हो जाएं।
इस संदर्भ में संगठन महासचिव डॉ. सीमा शर्मा ने बताया कि सम्पूर्ण वर्षा-ऋतु में यह अभियान जारी रहेगा। नगर निगम गाजियाबाद के साथ-साथ जी डी गोएंका स्कूल के निदेशक संजय कुमार गोयल, प्रधानाचार्य डॉ. नेहा शर्मा, एसोसिएट निदेशक अवि गोयल, और स्कूल के सभी आचार्यों एवं विशेषकर बच्चों को इस अभियान में सम्मिलित किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में प्रेम शंकर, उमेश शर्मा, डॉ. अनिल अग्रवाल, दिनेश ढल, अभिषेक भटनागर, संदीप टोंक, अरुण गुप्ता, प्रशांत, रवि, रक्षित, नागेंद्र और स्नेह आदि सोसाइटी निवासियों का विशेष योगदान रहा।



