पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में मुरादनगर में पावन चिंतन धारा आश्रम का आक्रोश प्रदर्शन, पाकिस्तान का झंडा और पुतला फूंका

मुरादनगर, 27 अप्रैल 2025 – पहलगाम में हुए आतंकी हमले से व्यथित पावन चिंतन धारा आश्रम के संस्थापक और राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. पवन सिन्हा ‘गुरुजी’ के नेतृत्व में आज मुरादनगर में भारी आक्रोश प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पाकिस्तान का झंडा और आतंकी समर्थकों का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में देशभक्त नागरिक और आश्रम के साधक शामिल हुए।


गौरतलब है कि पावन चिंतन धारा आश्रम के सदस्यों ने देश के 30 से अधिक शहरों में एक साथ विरोध प्रदर्शन कर आतंकी हमले के खिलाफ आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए गुरुजी ने कहा, “27 निर्दोषों की नृशंस हत्या की हम कठोर निंदा करते हैं। प्रभु उन आत्माओं को शांति दें, परिजनों को धैर्य दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।” उन्होंने कहा कि देशभक्ति को जीवित रखने की आवश्यकता है, क्योंकि देश के लिए समर्पण ही सच्चे जीवन का प्रमाण है।
गुरुजी ने हाल के आतंकी हमलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “मुर्शिदाबाद और अब कश्मीर की घटनाओं ने साफ कर दिया है कि हिंदू समाज अपने ही देश में असुरक्षित महसूस कर रहा है। सवाल यह भी है कि हम आतंकियों का समय रहते पता क्यों नहीं लगा पा रहे?”
अपने इलाके की हर खबर सबसे पहले!
Local Post चैनल से आज ही जुड़ें। 📰✨
देश के युवाओं के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आज का युवा नशे और भ्रामक रिश्तों में उलझा हुआ है, जिससे देश सेवा की भावना कमजोर हो गई है।
गुरुजी ने खासतौर पर मुस्लिम समाज से भी अपील की कि इस जघन्य हमले की भर्त्सना सबको मिलकर करनी चाहिए, क्योंकि जान गंवाने वाले भी इसी देश के नागरिक थे।
इस अवसर पर आश्रम की खुशी गुप्ता ने कहा, “जब हमारी आस्था पर चोट होती है, हमारे मंदिर गिराए जाते हैं और हमारे बच्चों पर पत्थर फेंके जाते हैं, तब हम चुप क्यों रहते हैं?”
वहीं, देवब्रत शर्मा ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, “पाकिस्तान भी हमारी भूमि से ही निकला है, क्योंकि हमने समय पर संघर्ष करना छोड़ दिया। यदि अब भी नहीं जागे तो देशविरोधी ताकतें भारत को भी समाप्त कर देंगी।”


युवा अभ्युदय मिशन के रोहित अरोड़ा और सुहानी सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि सनातनी समाज को अब और नहीं सोना चाहिए, अब जागना ही होगा।
आक्रोश प्रदर्शन में आदरणीय गुरु माँ डॉ. कविता अस्थाना, बॉबी त्यागी, गुलशन राजपूत सहित कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में साधक उपस्थित रहे।



