विकसित भारत का मार्ग यूपी से होकर जाता हैः सीएम योगी

- सीएम ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन पर किया ध्वजारोहण
- वीर रणबांकुरों व उनके परिजनों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
- योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित लोगों को पंच प्रण की दिलाई शपथ
- मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक के पांच पुलिसकर्मियों के नाम की घोषणा की
- सीएम ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन पर किया ध्वजारोहण
- वीर रणबांकुरों व उनके परिजनों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
- योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित लोगों को पंच प्रण की दिलाई शपथ
- मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक के पांच पुलिसकर्मियों के नाम की घोषणा की

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 77वें स्वतंत्रता दिवस पर मंगलवार को विधान भवन पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान सीएम ने वीर रणबांकुरों व उनके परिजनों को सम्मानित भी किया और उपस्थित लोगों को पंच प्रण की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमृत काल की इस पावन बेला पर देश की आजादी के 77वें पावन जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। सीएम ने भारत मां के शहीद हुए सपूतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह आजादी के अमृतकाल का प्रथम आयोजन है। 12 मार्च 2021 से पीएम मोदी जी ने आजादी के अमृत महोत्सव का शुभारंभ गुजरात के साबरमती के तट पर नए संकल्प, नए उत्साह व उमंग के साथ इस आयोजन को करने का आह्वान किया था। 75 सप्ताह के साथ अनेक कार्यक्रमों के साथ जुड़ता हुआ यह आयोजन अमृत महोत्सव के समारोप की ओर है, वहीं आगामी 25 वर्ष की अमृत काल की नई कार्ययोजना के साथ भी हम सभी का आह्वान कर रहा है। 25 वर्ष के बाद जब देश आजादी का शताब्दी मना रहा होगा, तब हमें कैसा भारत चाहिए। उस भारत के सपने को साकार करने के लिए नए संकल्प के साथ हम सब इस पावन आयोजन के साथ जुड़े हुए हैं।


सीएम ने कहा कि अभी कुछ देर पूर्व एक भारत श्रेष्ठ भारत का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यूपी व देश के अलग-अलग भागों से आए कलाकारों ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत के पीएम मोदी के संकल्प के साथ जो झांकी प्रस्तुत की, उसे व्यावहारिक धरातल पर उतारने के कार्यक्रम के साथ हमें जुड़ना होगा। पंच प्रण के संकल्प के साथ भारत मां के महान सपूतों ने खुद को बलिदान किया था। उन वीर परिवारों को सम्मानित किया गया। देश की सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के परिवारों के सम्मान का यह आयोजन देश समेत यूपी के 75 जनपदों, 58 हजार ग्राम पंचायतों, 762 नगर निकायों में हो रहा है। हर किसी के मन में इस बात की अनुभूति होनी चाहिए कि मैंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया तो मेरी भावी पीढ़ी मुझे सम्मानित करेगी।
विरासत की रक्षा करना हर भारतीय का दायित्व
सीएम ने कहा कि हजारों वर्ष पहले केरल में जन्मा एक संन्यासी आदिशंकर के रूप में भारत के चार कोनों में चार पीठों की स्थापना करता है। यह भारत की सांस्कृतिक एकता के दर्शन कराता है, जिसके बारे में प्रधानमंत्री जी ने कहा कि विरासत की रक्षा करना हर भारतीय का दायित्व है। हर भारतवासी गौरव की अनुभूति करेगा। पंच प्रणों के साथ जुड़ेगा। आज भारत के नए दर्शन के रूप में देश बढ़ रहा है। देश के आजादी के अमृत महोत्सव के प्रथम अमृत काल के प्रथम वर्ष में प्रवेश किया तो भारत पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। हर भारतवासी के लिए यह गौरव की अनुभूति करने का अवसर है। यूपी को भी जी-20 के 11 समिट चार महानगरों (लखनऊ, काशी, आगरा व गौतमबद्ध नगर) में आयोजित करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। नया भारत उस दिशा में आगे बढ़ने के लिए हमें प्रेरित कर रहा है।

भारत को महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए हम भी कर पा रहे प्रयास
सीएम ने कहा कि पिछले 9 वर्ष में भारत की जो यात्रा प्रारंभ हुई है, वह सचमुच हर भारतवासी को विकसित भारत के संकल्प के साथ जोड़ रही है। भारत की 9 वर्षों की शानदार यात्रा, इंफ्रास्ट्रक्चर-आंतरिक व वाह्य सुरक्षा के मोर्चे पर हो, विरासत की गौरव पर अनुभूति करने वाला क्षेत्र हो। देश में गरीब कल्याणकारी कार्यक्रमों को बढ़ाने का कार्य हो, इस विकसित भारत के अनुरूप प्रगति को बढ़ाने के लिए जिस राज्य की सर्वाधिक भूमिका हो सकती है। हमें गौरव की अनुभूति करनी चाहिए, हम सभी उस राज्य उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और हम भी भारत को महाशक्ति को स्थापित करने के लिए प्रयास कर पा रहे हैं।
सीएम ने वीर सपूतों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भारतीय सेना के मेजर अशोक कुमार सिंह, कर्नल भरत सिंह (शौर्य चक्र सम्मानित) , मेजर अरुण कुमार पांडेय (शौर्य चक्र सम्मानित), हवलदार कुंवर सिंह (मरणोपरांत वीर चक्र) के पुत्र ने सम्मान प्राप्त किया। नायक राजा सिंह (मरणोपरांत वीर चक्र) की पत्नी व पुत्रवधू ने सम्मान प्राप्त किया। लेफ्टिनेंट कर्नल अमित मोहिंद्रा (शौर्य चक्र) के पिता ने सम्मान प्राप्त किया। कर्नल मोनिंद्र राय (मरणोपरांत शौर्य चक्र) की पत्नी ने सम्मान प्राप्त किया। लेफ्टिनेंट हरि सिंह बिष्ट (मरणोपरांत शौर्य चक्र) की मां ने सम्मान प्राप्त किया। ब्रिगेडियर सैयद अली उस्मान (शौर्य चक्र से सम्मानित) की मां ने सम्मान प्राप्त किया। शहीद उताली के भतीजे ने सम्मान प्राप्त किया।
