गाज़ियाबाद के निवाड़ी में बनेगा वर्ल्ड क्लास शूटिंग रेंज, इंटरनेशनल मानकों पर होगा निर्माण

गाज़ियाबाद : खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में गाज़ियाबाद एक बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। निवाड़ी क्षेत्र में गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा विश्व स्तरीय शूटिंग रेंज का निर्माण कराया जाएगा, जो न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय बनेगा।
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को इंटरनेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन के मानकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। प्रस्तावित शूटिंग रेंज 10 एकड़ में फैला होगा, जिसमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त इंटीग्रेटेड मल्टी-पर्पज हॉल, एथलीट्स के लिए हॉस्टल, रनिंग ट्रैक और अन्य खेल साधन एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे। यह प्रोजेक्ट पीपीपी मॉडल पर संचालित किया जाएगा और निर्माण का कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से उस एजेंसी को सौंपा जाएगा, जिसके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर के शूटिंग रेंज निर्माण का अनुभव होगा।
गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि इस शूटिंग रेंज का उद्देश्य गाज़ियाबाद और आस-पास के क्षेत्रों के युवाओं को न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, बल्कि भविष्य के ओलंपिक और वर्ल्ड चैम्पियंस को यहीं से तैयार करना है। उन्होंने कहा कि यह रेंज खेल प्रतिभाओं के लिए एक नर्सरी साबित होगी, जहां से उभरते खिलाड़ी देश और प्रदेश का नाम दुनिया भर में रोशन करेंगे।


श्री वत्स ने आगे बताया कि इस शूटिंग रेंज को इतना अत्याधुनिक बनाया जाएगा कि यह आने वाले वर्षों में भारत में शूटिंग स्पोर्ट्स का हब बन सके। इसमें तकनीकी रूप से एडवांस सुविधाएं, डिजिटल टारगेट सिस्टम, सुरक्षित अभ्यास जोन और अनुभवी कोचिंग स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी। परियोजना की लागत का आकलन विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा किया जा रहा है ताकि निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।
इस रेंज के बनने से गाज़ियाबाद की खेल क्षमताओं को नया विस्तार मिलेगा और यह क्षेत्र खेलों के नक्शे पर विशेष स्थान बना सकेगा। साथ ही, यह पहल उत्तर प्रदेश सरकार की ‘खेलो उत्तर प्रदेश’ नीति के तहत युवाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।


