
गाजियाबाद: नंदग्राम पुलिस ने राजनगर एक्सटेंशन की सोसायटियों में बने मंदिरों में चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पिछले एक साल से इन सोसायटियों में हो रही लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासी परेशान थे। चोर गिरोह खासतौर पर मंदिरों को निशाना बनाकर वहां रखे दानपात्र और अन्य कीमती सामान चुरा लेते थे।
चोरों का पता लगाने में लगी दो पुलिस टीमें
थाना नंदग्राम और चौकी मोरटा की संयुक्त टीम ने इस गिरोह को पकड़ने के लिए दिन-रात मेहनत की। चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए हर बार मुंह ढककर चोरी करते थे, जिससे उनका चेहरा सीसीटीवी कैमरों में साफ नजर नहीं आता था। इसके चलते उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था।
500 से अधिक लोगों की जांच और सुराग ढूंढने की कोशिश
पुलिस ने इन चोरों को पकड़ने के लिए लगभग 500 संदिग्ध व्यक्तियों की प्रोफाइल खंगाली। स्थानीय निवासियों का मानना था कि पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम हो रही है, लेकिन पुलिस ने अपनी सूझबूझ और लगातार प्रयासों से इस गिरोह को गिरफ्तार कर लिया।
ब्लाइंड केस की तरह थी घटनाएं
चोर गिरोह ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया था कि पुलिस के पास सुराग बहुत कम थे। चोर केवल मंदिरों को निशाना बनाते थे और चोरी के दौरान सावधानी बरतते हुए दानपात्र या कीमती मूर्तियों को चुरा लेते थे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की
गिरोह की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली और पुलिस की मेहनत की सराहना की। नंदग्राम थाना प्रभारी ने कहा, “चोरों को पकड़ने में हमें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन हमारी टीम ने दृढ़ता से काम करते हुए इन अपराधियों को गिरफ्तार किया।” जल्द ही गिरफ्तार किए गए चोरों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


