
मेरठ: मंगलवार रात मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के जुर्रानपुर फाटक के पास एक दर्दनाक घटना में 25 वर्षीय अरशद की उनके दो मासूम बच्चों के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हत्या एक स्विमिंग पूल में हुई, जहां अरशद अपने बच्चों के साथ नहाने गए थे। इसी दौरान, उनके पुराने दुश्मन बिलाल और दानिश ने उन पर गोलियां बरसा दीं और मौके से फरार हो गए।
घटना की पूरी वारदात स्विमिंग पूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी अरशद पर गोलियां चला रहे हैं और उनके दो बच्चे डर के मारे रो रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, अरशद और बिलाल के बीच कुछ समय से रंजिश चल रही थी। मंगलवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद बिलाल ने अपने साथी दानिश के साथ मिलकर अरशद की हत्या कर दी।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल अरशद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी बिलाल और दानिश के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।



