“भारत ने योग में विश्व को नई राह दिखाई”: गाजियाबाद में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कहा — स्वस्थ भारत की नींव योग से ही

✍️ लोकल पोस्ट संवाददाता | गाजियाबाद | 21 जून 2025
गाजियाबाद के डासना स्थित आईएमएस कॉलेज परिसर में जिला प्रशासन एवं सिविल डिफेंस द्वारा आयोजित 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और योग की सार्वभौमिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “भारत ने योग में विश्व को नई राह दिखाई है।”


डिप्टी सीएम ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि यदि देश और समाज की सेवा करनी है तो सबसे पहले स्वयं को स्वस्थ रखना जरूरी है, और योग ही ऐसा सरल व प्रभावी माध्यम है जो तन और मन दोनों को स्वस्थ करता है। उन्होंने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, यह भारत की आत्मा है, एक जीवनशैली है।“
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा कि आज जब विश्व के अनेक हिस्सों में अशांति, तनाव और जीवनशैली जनित बीमारियों ने लोगों को घेरा हुआ है, ऐसे में भारत ने योग के माध्यम से मानवता को समाधान का रास्ता दिखाया है। “योग आज केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव सभ्यता के लिए स्वास्थ्य का नया मंत्र बन चुका है।”

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशाखापट्टनम योग कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया, जिसे सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने अत्यंत ध्यानपूर्वक देखा।
कार्यक्रम में योग गुरु डॉ. यश पाराशर द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत उपस्थित गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों और आमजन को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया, जिसमें प्राणायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम और ध्यान सत्र शामिल रहे।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आगमन को जिले के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने योग दिवस में भाग लेने वाले सभी अतिथियों, प्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों का आभार जताया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सम्मान चिन्ह भी भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने प्रभावशाली तरीके से किया।

इस समारोह में सांसद अतुल गर्ग, सदर विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, आईएमएस संस्थान के चेयरमैन राकेश छारिया, शहरी विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह, आयुर्वेदिक एवं युनानी अधिकारी अशोक राणा, डॉ. अनिल अग्रवाल, तथा हजारों की संख्या में शहरवासियों ने योग अभ्यास में भाग लिया।
आज का यह आयोजन केवल एक औपचारिक दिवस नहीं, बल्कि योग के माध्यम से आत्मकल्याण और सामाजिक चेतना का संगम रहा, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि योग न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बल्कि राष्ट्रीय जागरूकता का भी एक सशक्त माध्यम बन चुका है।



