श्रावण मास कांवड़ यात्रा–2025 में शिवभक्तों की सेवा हेतु मेरठ रोड तिराहा पर शिविर एवं इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम का हुआ शुभारंभ

गाजियाबाद: श्रावण मास में शिवभक्तों की आस्था को सहज और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से कांवड़ यात्रा–2025 के तहत गाजियाबाद के मेरठ रोड तिराहा पर भव्य कांवड़ सेवा शिविर एवं इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपक मीणा और पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस सेवा केन्द्र का उद्घाटन किया।
इस मौके पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मालिक, अपर जिलाधिकारी नगर विकास कश्यप, एसीपी पूनम मिश्रा और उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी ने शिवभक्तों की सेवा हेतु स्थापित इस केंद्र की सराहना की।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सिविल डिफेंस वार्डन की निःस्वार्थ सेवाओं की खुले दिल से प्रशंसा की और मोहन नगर तिराहा एवं राजनगर एक्सटेंशन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सतत सेवाएं देने हेतु बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम न केवल शिवभक्तों को सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि कांवड़ मार्ग पर आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने में भी सक्षम रहेगा।
पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह ने कंट्रोल रूम में कार्यरत सभी विभागों और सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं को इस पुण्य कार्य में संवेदनशीलता और समर्पण से कार्य करने के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में चीफ वार्डन ललित जायसवाल ने सभी अतिथियों का औपचारिक स्वागत और आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह केंद्र कांवड़ियों की सेवा और मार्गदर्शन के लिए 24×7 कार्य करेगा, जिसमें पुलिस, चिकित्सा, आपात सेवा, जल व्यवस्था और निगरानी तंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस सेवा शिविर के सफल आयोजन में सिविल डिफेंस के प्रमुख वार्डन ए के ठाकुर, सुजीत प्रसाद, दीपक अग्रवाल, हर्ष वर्मा, राजेन्द्र शर्मा, अनिल अग्रवाल, दिव्यांशु, रवि अग्रवाल, संजय गोयल समेत कई अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह पहल न केवल कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि प्रशासन और समाज के सहयोग से आस्था और सेवा के संगम की मिसाल भी पेश करती है।



