थाना जानी पुलिस ने किया 20 लाख की अवैध शराब का भंडाफोड़, एक तस्कर गिरफ्तार
मेरठ: थाना जानी पुलिस ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 20 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान संदीप पुत्र बलवान निवासी ग्राम सिसाना थाना खरखौदा जनपद सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे जानी नहर पुल से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, संदीप श्रीराम एग्रीवेन्चर्स प्राईवेट लिमिटेड डिस्टलरी जिला पौडी गढवाल (उत्तराखण्ड) से अरूणाचल प्रदेश जाने हेतु शराब के नकली कागजात तैयार कराकर आयशर कैन्टर में उक्त अवैध शराब भरकर नकली कागजो को असली कागजात की तरह प्रदर्शित कर अरूणाचल प्रदेश जाने के बजाये सांपला सोनीपत माल सप्लाई करता था।
पुलिस ने उसके कब्जे से 330 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब मार्का NAVY CLUB BLUE PREMIUM BLENDED WHISKY (For sale in Goa) और 270 पेटी अवैध देशी शराब मार्का मसाला संतरा (For sale in Goa) बरामद की है। इसके अलावा, अपराध में प्रयुक्त एक आयशर कैन्टर नं0 RJ51GA3014 भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जानी पर मु0अ0सं0-70/2024 धारा 60/63/72 आबकारी अधि0 व 420/467/468/471 भादवि पंजीकृत किया गया है। विधिक कार्यवाही कर अभियुक्त को समय से मा0 न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
यह गिरफ्तारी आगामी चुनावों के मद्देनजर पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के बारे में जानकारी हो तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।