फ्लैट ओनर्स फेडरेशन का कांवड़ियों के लिए सेवार्थ स्वास्थ्य शिविर

गाजियाबाद: सावन के पावन महीने में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान फ्लैट ओनर्स फेडरेशन, राजनगर एक्सटेंशन ने एक सराहनीय पहल करते हुए स्थानीय निवासियों के सहयोग से एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर का उद्देश्य कांवड़ियों को किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या से बचाना था।
शिविर का आयोजन पूर्व पार्षद संजीव त्यागी के कार्यालय के समीप किया गया। यशोदा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टिट्यूट के चिकित्सकों की मेडिकल टीम ने शिविर में सेवाएं दीं। सैकड़ों कांवड़ियों ने शिविर का लाभ उठाया।
फेडरेशन के अध्यक्ष राजकुमार त्यागी ने बताया कि, “हमारे क्षेत्र से बड़ी संख्या में भक्त कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से हमने यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया।”
शिविर में मौजूद फेडरेशन के महासचिव कैप्टन गोपाल सिंह ने सभी स्वयंसेवकों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, “इस तरह के आयोजन समाज में एक सकारात्मक संदेश देते हैं। हम भविष्य में भी इस तरह की सेवाएं जारी रखेंगे।”
शिविर के दौरान कांवड़ियों को न केवल चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की गईं बल्कि उन्हें पानी, फल और अन्य आवश्यक सामग्री भी दी गई। स्थानीय महिलाओं ने भी शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया और कांवड़ियों की सेवा की।



