राजकीय कन्या विद्यालय में छह क्लासरूम के निर्माण के लिए भूमि पूजन

गाजियाबाद : शिक्षा को बढ़ावा देने और स्कूलों में बुनियादी ढांचे को सुधारने की अपनी मुहिम के तहत, गाजियाबाद राउंड टेबल 308 ने सोमवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, विजयनगर में छह नए क्लासरूम के निर्माण का भूमि पूजन किया। यह कार्यक्रम विधि-विधान से सम्पन्न हुआ और इसमें शिक्षा व समाजसेवा से जुड़े प्रतिष्ठित अतिथि शामिल हुए।
भूमि पूजन के इस विशेष अवसर पर राउंड टेबल इंटरनेशनल के अध्यक्ष टीआर डेनिली सूसी, राउंड टेबल इंडिया के अध्यक्ष चेतन्य देव सिंह, और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव मुख्य अतिथि रहे। इनके अलावा, राउंड टेबल इंटरनेशनल के उपाध्यक्ष क्रिस्टोफर मिनटोफ, कोषाध्यक्ष ओमार हिमेसी, और अन्य गणमान्य विदेशी प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में आए विदेशी मेहमानों ने भारतीय स्कूलों और छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने गाजियाबाद राउंड टेबल 308 के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने कहा, “राउंड टेबल का पूरे भारत में एक हजार क्लासरूम बनाने का लक्ष्य शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। गाजियाबाद राउंड टेबल 308 की यह पहल नई पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल बनेगी।”
गाजियाबाद राउंड टेबल 308 के चेयरमैन टीआर पंकज मित्तल, उपाध्यक्ष अभिनव गोयल, सचिव शुभम जैन, और कोषाध्यक्ष अर्जित जैन ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्कूल की प्रिंसिपल, अध्यापक और छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
इस अवसर पर राउंड टेबल इंडिया एरिया 5 के चेयरमैन स्वपनिल खंडेलवाल और प्रोजेक्ट कन्वीनर अक्षय मित्तल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह योगदान समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।



